संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले में कोरोना का एक केस आने के बाद से स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। विभाग की तरफ से जिले में कोरोना की सैंपलिंग कभी बंद नहीं की गई हो अब विभाग उन लोगों के सैंपल लेगा,जिनमें कोरोना के लक्षण दिखेंगे।
संदिग्ध मिलने पर उनके आसपास व परिवार के भी सैंपल लिए जाएंगे। ऐसे में संदिग्धों पर नजर रखने के लिए विभाग ने योजना तैयार कर ली है। वहीं जिला नागरिक अस्पताल में कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए वार्ड आरक्षित किया गया है। इसमें छह बेड की व्यवस्था की गई है।
वार्ड में बेड के अलावा जरूरी दवाइयां, मास्क व अन्य मेडिकल उपकरण रखे गए हैं। यदि किसी व्यक्ति में काेरोना के लक्षण दिखते हैं तो उसे दूसरों से अलग करते हुए आइसोलेट किया जाएगा। कोरोना को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को मॉस्क पहन कर ही बाहर निकलने की हिदायत दी है। वहीं कर्मचारियों को मॉस्क व हाथों में दस्ताने पहनने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग के जिला निगरानी अधिकारी डॉ. वागीश गुटेन का कहना है अभी उन लोगों के सैंपल लिए जाएंगे, जिनमें कोरोना के लक्षण दिखेंगे। इसके अलावा लोगों को पूरी एहतियात बरतने की आवश्यकता है। लापरवाही के कारण ही बीमारी बढ़ती है।