संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। इस बार नौतपा अन्य वर्षों की तरह नहीं तपेगा।रविवार को नौतपा का पहला दिन मानसून की तरह रहा। नौतपा में जहां प्रचंड गर्मी होती और भयंकर लू चलती है। इस बार पहला दिन ठंडा रहा। शनिवार रात को तेज आंधी आई और कुछ देर बाद बूंदाबांदी शुरू हो गई।
कुछ देर के बाद झमाझम बादल बरसना शुरू हुए और तड़के तक जारी रहे। रविवार का दिन भी बारिश भरा रहा। सुबह करीब आठ बजे बारिश रुकी और दो घंटे बाद फिर से बादल बरसने लगे। दोपहर तक यह सिलसिला जारी रहा। बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जिससे लोगों को भयंकर गर्मी से काफी राहत मिली।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस बार नौतपा नहीं तपेगा। बल्कि इस अन्य दिनों की अपेक्षा गर्मी कम होगी। मौसम विभाग के अनुसार नौतपा के नौ दिन में से चार दिन बारिश की संभावना है। दो दिन बादल छाए रहने के साथ आंधी व तेज हवा चलने की परिस्थितियां बनी हैं। जिसके चलते इन दिनों तापमान में कमी दर्ज की जाएगी। पूरे नौतपा के दौरान अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। पिछले साल नौतपा के दौरान अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। वहीं, बारिश के दौरान अधिकतम 32 और न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। रविवार को अधिकतम 30 और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ करीब 15 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चली।
ये है नौ दिन के मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को मौसम साफ रहेगा। इस दौरान अधिकतम 35 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक होगा। मंगलवार को अधिकतम 36 और न्यूनतम 27, बुधवार को भी अधिकतम 36 और न्यूनतम 26, वीरवार को अधिकतम 37 और न्यूनतम 26, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 24 रहेगा। शनिवार व रविवार को अधिकतम 37 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस तापमान रहेगा। बुधवार से शुक्रवार तक बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना है। रविवार को भी बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है।