संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। एसएस स्कूल में आयोजित लड़कियों की खंड स्तरीय प्रतियोगिता के पहले दिन राजकीय स्कूल सालेहपुर की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। छात्राओं ने खो-खो व कबड्डी के अंडर-14 तथा अंडर-17 वर्गों में पहले स्थान पर आने की सफलता हासिल की।
अंडर-14 खो-खो में राजकीय स्कूल ठसका की टीम तथा अंडर-17 खो-खो में राजकीय स्कूल कोटला की टीम ने दूसरा स्थान पाया। अंडर-14 व अंडर-17 कबड्डी में एसएस स्कूल की टीम दूसरे स्थान पर रही। अंडर-19 कबड्डी में एसएस स्कूल की टीम पहले तथा राजकीय स्कूल कोटला की टीम दूसरे स्थान पर रही।
अंडर-17 वॉलीबॉल में एसएस स्कूल की टीम ने पहला तथा राजकीय स्कूल सरांवा की टीम ने दूसरा स्थान पाया। अंडर-14 वॉलीबॉल में राजकीय स्कूल सरांवा की टीम ने पहला तथा एसएस स्कूल की टीम ने दूसरा स्थान पाया। एसएस स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. योगिता भाटिया ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिताओं के संचालन में संदीप टाया, सुखबीर, अक्षय, संजीव, राजेन्द्र, बलविंद्र सैनी, धीरेंद्र, सतीश, विकास, प्रदीप बेनीवाल तथा विक्रमजीत ने अहम योगदान दिया।