संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। गांधी नगर थाना क्षेत्र में आईटीआई चौक के नजदीक पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम बूथ पर अज्ञात व्यक्ति ने आर्मी से सेवानिवृत्त अमरपुरी कॉलोनी निवासी ज्ञानचंद का एटीएम कार्ड बदलकर उसके अकाउंट से एक लाख 30 हजार रुपये निकाल लिए। जब उसे खाते से पैसे निकलने का मैसेज मिला तो उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
अमरपुरी कॉलोनी निवासी ज्ञानचंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह आर्मी से रिटायर्ड है। उसका एसबीआई जगाधरी में खाता है। उसने बैंक से एटीएम कार्ड लिया हुआ है। 24 फरवरी को उसे पैसे की जरूरत थी। शाम को छह बजे वह आईटीआई चौक के नजदीक स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम बूथ से पैसे निकलवाने के लिए गया। वहां पर पहले से एक व्यक्ति मौजूद था।
उसने उस व्यक्ति से पूछा कि एटीएम से पैसे निकल रहे हैं या नहीं। तब आरोपी व्यक्ति ने उसे कहा कि वह खुद आकर चेक कर ले। ज्ञानचंद ने कहा कि जब वह बूथ के अंदर गया तो इस दौरान आरोपी व्यक्ति ने उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। एटीएम से पैसे न निकलने के कारण वह घर आ गया। इसके बाद उसके मोबाइल पर अलग-अलग समय में एक लाख 30 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया। मैसेज देख कर वह हैरान रह गया।