यमुनानगर। 9वीं वाहिनी कोरस, आरपीएसएफ जगाधरी वर्कशॉप में आठ जून से आयोजित वाहिनी सप्ताह का उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हो गया। समापन समारोह में अधिकारियों एवं बल सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विभिन्न कार्यक्रमों का आनंद लिया।
समारोह के दौरान सैन्य सहायक संजीव कुमार ने उपस्थित अधिकारियों और जवानों को संबोधित करते हुए वाहिनी सप्ताह के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बल कर्मियों में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और टीम भावना को मजबूत करने का कार्य करते हैं। साथ ही आपसी समन्वय, सौहार्द और सहयोग की भावना को भी बढ़ावा मिलता है।
विज्ञापन
कार्यक्रम में कोरस कमांडो द्वारा सांस्कृतिक एवं रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं। कलाकारों ने गीत, संगीत और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुतियों को अधिकारियों और बल सदस्यों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
समापन समारोह के बाद वाहिनी के अधिकारियों और बल सदस्यों के लिए बड़े खाने का आयोजन किया गया। इसमें सभी ने एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया और आपसी सौहार्द को मजबूत किया। पूरे कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक एवं उत्सवी वातावरण में संपन्न हुआ।