पत्नी को उसके मायके अलीपुरा में छोड़कर घर लौट रहे अजीजपुर निवासी सुमित कुमार की टांग में गोली मारकर दो बदमाश उसकी स्विफ्ट डिजायर कार लूट ले गए। बदमाशों ने देर शाम जगाधरी बस स्टैंड के पास वारदात को अंजाम दिया। आरोपी दूसरी कार में सवार होकर आए थे। बस स्टैंड के नजदीक पहले आरोपियों ने सुमित के साथ बहस की। इसके बाद आरोपियों ने उसकी टांग पर गोली मार दी। बदमाश उसे सड़क किनारे फेंककर उसकी कार लूट कर फरार हो गए। घायल सुमित को राहगीरों ने सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलने पर एसपी कमलदीप गोयल, सीआईए वन इंचार्ज राकेश कुमार, शहर जगाधरी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार अजीजपुर निवासी सुमित कुमार खेतीबाड़ी का काम करता है। रविवार सुबह वह अपनी स्विफ्ट कार में अपनी पत्नी को अलीपुरा उसके मायके में लेकर गया था। पत्नी को वहीं छोड़कर देर शाम वह वापस अपने घर लौट रहा था। रास्ते में उसने एक युवक को लिफ्ट दी। उसे जगाधरी बस स्टैंड पर उतारकर वह चलते लगा तभी वहां कार में सवार दो युवक आए। आरोपियों ने उसके साथ हाथापाई की। जब उसने विरोध किया तो एक युवक ने उस पर फायरिंग कर दी। सुमित की टांग में गोली जा लगी। जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद आरोपियों ने उसे कार से सड़क किनारे फेंक दिया और उसकी स्विफ्ट कार लूटकर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना जगाधरी पुलिस को दी। मौके पर पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल, सीआईए वन इंचार्ज राकेश कुमार, शहर जगाधरी थाना प्रभारी व अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। घायल को शहर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। देर शाम तक वह होश में नहीं आया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के विभिन्न टीमें भी मामले की जांच कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शी दवारिकापुरी कॉलोनी निवासी संदीप ने पुलिस को बताया कि देर शाम वह बस स्टैंड के नजदीक खड़ा था। तभी दो युवकों ने कार सवार सुमित से बहस शुरू कर दी। इसके बाद उसपर फायरिंग की। गोली उसकी टांग पर लगी। गोली चलते ही हडकंप मच गया। आरोपी सुमित को कार से सड़क किनारे फेंककर अंबाला की तरफ उसकी कार लेकर फरार हो गए।
एसपी कमलदीप गोयल का कहना है कि गोली की सूचना पर वे मौके पर गए थे। मामले की जांच के लिए सीआईए समेत कई टीमें लगी हुई है। मामला दर्जकर लिया गया है। मामले को जल्द सुलझा लिया जाएगा।