मकान मालिक को किराया देने जा रहे मामा भांजा पर कुछ युवकों ने रॉड व डंडों से हमला कर उनसे 40 हजार रुपये लूट लिए। घटना फर्कपुर थाना क्षेत्र की शिव कॉलोनी की है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद तीनों आरोपियों को नामजद करते हुए कुछ अन्य के खिलाफ मारपीट व लूट का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
फर्कपुर की शिवकॉलोनी निवासी अंकित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मेहनत मजदूरी करता है। सहारनपुर के मिर्जापुर निवासी उसका भांजा गौरव कुमार कई दिनों से उनके पास आया हुआ है। 15 दिसंबर को वह उसके पिता राजकुमार कृष्ण शर्मा हलवाई के पास अपना हिसाब करने गए थे, क्योंकि हम काफी समय तक उसके किराएदार रहे हैं। वहीं पर कृष्ण शर्मा ने उसे एक सेल्फ चैक दिया। इसके बाद वह अपने भांजा गौरव के साथ बाइक पर सवार होकर एसबीआई बैंक कैंप में गए। जहां पर उन्होंने 40 हजार रुपये का सेल्फ चैक कैस करवाया। रुपये लेकर वो और उसका भांजा गौरव खाना खाने अपने घर आ गये। शाम करीब 4 बजे वो और गौरव रुपये देने के लिए बाइक पर कृष्ण शर्मा के पास जा रहे थे। जैसे ही वे अपनी कॉलोनी में नाले के पास पहुंचे तो गली के मोड़ पर 2-3 बाइक पर 8-9 लड़के सवार होकर आए। आरोपियों ने उनकी बाइक रुकवाई और सरियों व डंडों से उनपर हमला कर दिया। इनमें से शिवनगर कॉलोनी निवासी कर्ण, नवाब कॉलोनी निवासी नरेश, कैंप निवासी मोनू को उसने पहचान लिया। इस दौरान आरोपियों ने उनके सिर, टांगों व अन्य हिस्सों पर वार कर चोटें मारी। इस दौरान आरोपियों ने उनसे 40 हजार रुपये भी छीन लिए। आरोपी उन्ळें धमकाते हुए वहां से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उन्हें उपचार दिया गया।