खजूरी रोड पर ट्रक चालक पर मारपीट कर बदमाशों ने उससे हजारों रुपये की नकदी, मोबाइल व एटीएम लूट लिया। देर रात तक घर न पहुंचने पर जब परिवार ने उसकी तलाश की तो गंभीर हालत में खजूरी रोड पर पड़ा मिला। उसके पास से नकदी, मोबाइल व एटीएम गायब था। परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। ट्रक चालक की बेटी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ लूट का केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
यूपी के मुजफ्फरनगर के शांति नगर निवासी प्रियंका ने पुलिस को शिकायत दी कि उसका पिता वेद प्रकाश ट्रक चालक है। नौ सितंबर को उसके पिता लकड़ी लेकर यूपी से यमुनानगर आए थे। उसी दिन शाम को उनके पास उसके पिता ने फोन कर बताया कि गाड़ी खड़ी कर दी है और किराया भी ले लिया है। इसके बाद उसके पिता को घर आना था। लेकिन वे देर शाम तक घर नहीं पहुंचे। उन्होंने परेशान होकर उन्हें फोन किया, लेकिन उनका फोन नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने उनकी तलाश शुरू की। उनके पास उनके पिता के जानकार ट्रक पेंटर का फोन आया कि उनके पिता का ट्रक खजूरी रोड पर खड़ा है। इस पर वे खजूरी रोड पर पहुंचे। यहां उन्होंने देखा शिक उसके पिता गंभीर वलत में ट्रक में पड़े हुए थे। उनके पिता को किसी ने गंभीर चोटें मारी हुई थी। उन्हें होश नहीं था। उनके पास से पर्स, हजारों रुपये की नकदी, मोबाइल व एटीएम गायब था। आरोप है कि अज्ञात बदमाशों ने उसके पिता पर हमला कर उनसे लूटपाट की। उन्होंने पिता को अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से उन्हें गंभीर हालत देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया। जहां उन्हें उपचार दिया जा रहा है। उन्होंने इसकी शिकायत शहर पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ लूट का केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एएसआई दलबीर सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उनका पता कर गिरफ्तार किया जाएगा।