संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। यमुनानगर बस स्टैंड पर शुक्रवार की शाम पांच बजे रोडवेज कर्मचारियों की ओर से फौजी के परिवार के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा।
दिल्ली के रोहिणी निवासी रविंद्र कुमार ने बताया कि वह बीएसएफ में तैनात हैं और उसकी पोस्टिंग जम्मू कश्मीर है। यमुनानगर के विकास नगर में उसका साला रहता है, जिसकी बेटी की वीरवार को शादी थी। वह शादी में शामिल होने के लिए पत्नी प्रवेश राणा व बेटियों खुशी व आरुषि के साथ यमुनानगर आया था। शुक्रवार शाम को उसके साले के बेटे अर्जुन व आदित्य अपनी गाड़ी में उन्हें बस अड्डे पर छोड़ने के लिए आए।
जैसे ही उनकी गाड़ी अड्डा परिसर में प्रवेश हुई सामने से दो कर्मचारी आगे आ गए और गाली देने लगे। जब उन्हें ऐसा करने से मना करने को कहा तो वे गाड़ी के पास आए और शुरू कर दी। मामले में रोडवेज महाप्रबंधक संजय रावल का कहना है कि गाड़ी बस अड्डा परिसर के अंदर खड़ी हुई थी। कर्मचारियों द्वारा गाड़ी को अड्डा परिसर से बाहर ले जाने के लिए कहा गया। ऐसे में पहले कार सवारों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू की।