संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जिले में पिछले तीन दिन से रुक-रुक कर हो रही बारिश का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा। दोपहर करीब एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश से शहर की कई कॉलोनियों, गलियों और मुख्य सड़कों पर जलभराव हो गया। इससे आमजन के साथ स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे विद्यार्थियों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश व जलभराव से बच्चों की वर्दी ही बल्कि किताबें, बैग, जूते इत्यादि भी भीग गए। बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़कों पर एक से डेढ़ फीट तक पानी भर गया। छोटे बच्चों को पानी से भरी सड़कों और गलियों से होकर घर पहुंचना पड़ा, जिससे अभिभावकों की चिंता भी बढ़ गई। कई जगह वाहन चालकों को भी जलभराव के कारण धीमी गति से गुजरना पड़ा।
शहर के निचले इलाकों की कॉलोनियों में स्थिति अधिक गंभीर रही। यहां बारिश का पानी जमा होने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। वहीं, कई क्षेत्रों में सीवरेज व्यवस्था भी जवाब दे गई। सीवर ओवरफ्लो होने से गंदा पानी घरों में बैक मारने लगा, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन जल निकासी की अपर्याप्त व्यवस्था एक बार फिर उजागर हो गई। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से जलभराव और सीवरेज समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि बरसात के दौरान बार-बार ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े।
जलभराव के जूझते रहे लोग
इस दौरान शहर के पुराना हमीदा की खड्ढा कॉलोनी, आनंद कॉलोनी, गढ़ी रोड, पुराना सहारनपुर हाईवे, जम्मू कॉलोनी, ममीदी, जोडिया, दामला, कैंप, खड्ढा कॉलोनी, लक्ष्मी नगर, वीना नगर, आदर्श नगर, गांधीनगर, चांदपुर, लेबर कॉलोनी, विजय कॉलोनी, लाजपत नगर, जोगिंद्र नगर, औद्योगिक क्षेत्र, बस स्टैंड, जमना गली, चूना भट्टी, विश्वकर्मा मोहल्ला, खालसा कॉलेज, गोल्डनपुरी कॉलोनी, दशमेश कॉलोनी, खालसा कॉलोनी रोड, आजाद नगर की गलियों में, चौधरी कॉलोनी, मधु कॉलोनी, प्रह्लादपुरी, शांति कॉलोनी, पातालपुरी, चिट्टा मंदिर, गधौली, तेजली, छोटी लाइन, प्रेम नगर, जसवंत कॉलोनी, जय सिटी, मटका चौक, रेलवे रोड बाजार, स्कूल रोड, नगर निगम के सामने बाजार, पत्थरवाला बाजार, देवी भवन बाजार, खेड़ा बाजार, बूडि़या चुंगी रोड, पटरी मोहल्ला, वार्ड नंबर तीन, वार्ड पांच, भारत सेवक नगर, सरस्वती कॉलोनी, बूड़िया रोड, बूड़िया बाजार पर पानी भर गया।
लक्ष्मी नगर कॉलोनी की कच्ची गली में भरा पानी व कीचड़। संवाद
लक्ष्मी नगर कॉलोनी की कच्ची गली में भरा पानी व कीचड़। संवाद
लक्ष्मी नगर कॉलोनी की कच्ची गली में भरा पानी व कीचड़। संवाद