रादौर। गांव नाचरौन में श्मशान घाट का रास्ता लंबे समय से जर्जर हालत में होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर बरसात के दिनों में रास्ते पर कीचड़ और जलभराव होने से अंतिम संस्कार के लिए शवयात्रा ले जाने में भी दिक्कत होती है। ग्रामीणों की ओर से कई बार पंचायत और प्रशासन को शिकायत देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। इससे ग्रामीणों में रोष है।
डॉ. लाभ सिंह नाचरौन ने बताया कि श्मशान घाट के रास्ते की मरम्मत करवाने के लिए कई बार पंचायत और प्रशासन को लिखित शिकायत दी गई है। इसके अलावा सीएम विंडो और मुख्यमंत्री निवास पर भी शिकायत पहुंचाई गई, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी समस्याओं का समाधान करने के बजाय सीएम विंडो पर शिकायतों को डिस्पोज ऑफ करवाने में लगे रहते हैं। उन्होंने सरकार और पंचायत से जल्द सड़क निर्माण करवाने की मांग की है। वहीं, सरपंच प्रतिनिधि सचिन कुमार ने बताया कि रास्ते की निशानदेही करवाने के लिए कहा गया है। निशानदेही पूरी होते ही सड़क निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। संवाद