जगाधरी। पांसरा रेलवे फाटक की खस्ताहाल सड़क से परेशान वाहन चालकों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। रेलवे ने सड़क के पुनर्निर्माण के लिए 9 नवंबर से 6 दिसंबर तक फाटक का रास्ता बंद करने का निर्णय लिया है।
28 दिन तक चलने वाले इस निर्माण कार्य के दौरान सड़क को सीमेंट कंक्रीट से बनाया जाएगा। इससे सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों से निजात मिलेगी। हालांकि, रास्ता बंद रहने से आसपास के गांवों और शहर आने-जाने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ेगा।
विज्ञापन
त्योहारों के बीच रास्ता बंद होने से यातायात पर असर पड़ने की आशंका है। उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल के सहारनपुर खंड के सहायक मंडल अभियंता मनीष तवन ने बताया कि पांसरा फाटक पर रेलवे की अधिकृत भूमि में सीमेंट कंक्रीट की सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 28 दिन का अवरोध लिया गया है। निर्माण कार्य के दौरान प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक यातायात प्रभावित रहेगा।
उन्होंने बताया कि हल्के वाहन चालक कलानौर रेलवे स्टेशन के पास बने भूमिगत मार्ग से आवागमन कर सकेंगे। हालांकि, वाहन चालकों को अपनी गाड़ी की ऊंचाई और भूमिगत मार्ग की निकासी का ध्यान रखना होगा। वहीं, भारी मालवाहक और अन्य भारी वाहन यमुनानगर स्थित चांदपुर रेलवे ओवरब्रिज से होकर गुजरेंगे। रेलवे ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।