जिले में कोरोना से मौत रूकने का नाम नहीं ले रही है। लगातार छह दिनों से कोरोना से मौत के मामले सामने आ रहे हैं। बुधवार को भी एक आरएमपी डॉक्टर की मौत कोरोना से हो गई। वहीं 92 कोरोना के नए मामले के आने के साथ ही कुल संख्या 1980 हो गई है। वहीं 57 भर्ती मरीजों की रिपोर्ट नेगेटिव आने के साथ ही कुल संख्या 1228 हो गई है। वहीं जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या 39 हो गई है।
यमुनानगर के खानपुर का माजरा निवासी 58 वर्षीय आरएमपी डॉक्टर की मौत कोरोना से हो गई है। परिजनों ने बताया कि उन्हें शुगर, बीपी व अन्य बीमारियों के चलते मौलाना अस्पताल में भर्ती किया गया था। जहां पर उनका कोविड 19 का टैस्ट कराया गया, जो पॉजिटिव आया। तबीयत में सुधार न होने पर मुलाना चिकित्सकों ने पीजीआई रैफर कर दिया। लेकिन, बीच रास्ते में ही मृत्यु हो गई। परिजनों उन्हें यमुनानगर ले आए। निगमकर्मियों ने बुधवार सुबह ही अंतिम संस्कार किया।
डीसी मुकुल कुुमार ने बताया कि बुधवार को 92 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिले में अब कुल कोरोना के मरीजों की संख्या 1980 हो गई है। कुल 478 पॉजिटिव मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है। जिले में कुल 721 एक्टिव केस है। जिसमें से 21 बाहरी राज्यों के जिलों के अस्पतालों में भर्ती है। बुधवार को कुल 800 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे है। अभी तक कुल 48,074 सैंपलों में से 43,129 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। जबकि अभी भी 3015 लोगों की रिपोर्ट आना बाकी है।
14 क्षेत्र हुए कंटेनमेंट जोन मुक्त घोषित
डीसी मुकुल कुमार ने बताया कि जिले के 14 क्षेत्रों को कंटेनमेंट मुक्त घोषित किया गया हैं। जिसमें नगर निगम क्षेत्र के कमला नगर, शम्भू नगर पांसरा, त्यागी गार्डन, बैंक कालोनी, वीना नगर बाईपास रोड़ कैंप, सैक्टर-17 हुड्डा जगाधरी, खंड सरस्वती नगर के गांव सारन, दुर्गा गार्डन, कल्याण नगर, देवी भवन बाजार, महावीर कालोनी, इंदिरा कालोनी जगाधरी, मोहल्ला खारा कुआ तथा मोहल्ला गोलनपुर सढ़ौरा को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि उक्त क्षेत्रों को कंटेनमेंट व बफर जोन से हटाने की कार्रवाई भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की निर्धारित हिदायतों व नियमों के अनुसार की गई है।