यमुनानगर। ठगी के मामले में आरोपी महिला के बारे में सूचना देने पर जिला पुलिस ने एक हजार रुपये का इनाम की घोषणा की है। आरोपी राजस्थान के जयपुर जिले के वैशाली नगर निवासी चारू शर्मा है, जिसकी जिला पुलिस गांधीनगर थाने में दो दिसंबर 2024 को दर्ज मामले में तलाश कर रही है। आर्थिक अपराध शाखा प्रभारी केवल सिंह ने बताया कि जांच में पता चला है कि चारू शर्मा पर राजस्थान, रेवाड़ी में भी चेक बाउंस व भगोड़े के केस हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही है।
गुरु तेग बहादुर नगर निवासी कबीर विरली ने पुलिस को दी शिकायत दी थी कि उसकी ऑटो रिपेयर की दुकान है। उसकी मुलाकात हरबंसपुरा कॉलोनी में किराए के मकान में रहने वाली चारू शर्मा से हुई थी। वह उसके पास से ऑटो बुक कर सामान लेकर जाती थी। इस दौरान उससे बातचीत हुई। वह घर पर आने लगी। उसे किराये पर कमरा भी दिलवाया। एक बार चारू ने कुछ रुपये उधार लिए जो उसने लौटा दिए थे। एक दिन चारू ने कहा कि वह लोगों को विदेश भेजने का काम करती है और वह उसकी बेटी को भी विदेश भिजवा देगी। चारू की बातों में आकर वह तैयार हो गया। चारू ने बेटी का कनाडा का वीजा लगवाने का झांसा दिया। इसके बाद उसने अन्य सहयोगियों कंवरपाल, विनय शर्मा व अरविंद से मिलवाया। उन्होंने बेटी को कनाडा भेजने के नाम पर 30 लाख रुपये ले लिए। काफी दिन बाद भी जब बेटी का वीजा नहीं लगा ताे आरोपियों से रुपये वापस मांगे, पर उन्होंने इंकार कर दिया और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। इस शिकायत पर गांधीनगर पुलिस ने दो सितंबर 2024 को केस दर्ज किया था। संवाद
-