हरियाणा में लगातार गिर रहे पाप्लर के दामों पर अब कांग्रेस ने भी सरकार को
घेरने की रणनीति बना ली है। इसके मद्देनजर बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री
भूपेंद्र सिंह हुड्डा के राजनीतिक सलाहकार प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह व प्रदेश
प्रवक्ता रणसिंह मान ने जगाधरी रेस्ट हाउस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के
साथ मीटिंग की।
मीटिंग के दौरान कांग्रेस की गुटबाजी साफ नजर आई। मीटिंग
में जहां वीरेंद्र सिंह ने इशारों ही इशारों में अपनी ही पार्टी के प्रदेश
प्रमुख पर निशाना साधा। वहीं, उन्होंने बीजेपी व इनेलो को भी आड़े हाथों
लिया।
प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस के राज में पाप्लर
1250 रुपये प्रति क्विंटल बिकता था, जोकि अब 300 रुपये प्रति क्विंटल बिक
रहा है, जबकि प्लाई के रेट आज तक सस्ते नहीं हुए है। उन्होंने कहा कि आज
प्रदेश में चावल 190 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा है, जबकि किसान
से उसकी धान 1250 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीदी गई है। इन्हीं
मुद्दों को लेकर 25 दिसंबर को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा
जगाधरी में किसानों से बात कर आगे की रणनीति की घोषणा करेंगे।
हरियाणा
कांग्रेस में फैली गुटबाजी पर वीरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस हाई कमान
ने पंजाब में कैप्टन अमरेंद्र सिंह को प्रधान बनाकर सही समय पर सही फैसला
किया है। हरियाणा में भी हाई कमान सही समय पर सही फैसला करेगी। सही फैसले
की आड़ में अशोक तंवर को हटाने की तरफ किए गए इशारे बारे पूछने पर उन्होंने
कहा कि सही समय आने पर ही सही फैसला होगा। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र
सिंह हुड्डा पर दर्ज हुई एफआईआर के बारे में वीरेंद्र सिंह ने कहा कि आज
हुड्डा हर जन की आवाज बन चुके हैं। इसलिए सरकार ने घबराकर प्रतिशोध की
भावना से उनके खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
राजनीतिक बदले की भावना से वह
झूठे मुकद्दमे बना रहे हैं। इसलिए अब राजनीतिक लड़ाई सड़कों पर और कानूनी
लड़ाई कोर्ट में लड़ी जाएगी। वीरेंद्र सिंह ने सरकार पर कटाक्ष करते उए कहा
कि सरकार काम करने की बजाए विरोधी को बदनाम करने की राजनीति कर रही है। इन
लोगों को सरकार चलाना नहीं आता और न ही यह सीखने की कोशिश कर रहे है।