यमुनानगर। कृषि योग्य यूरिया को बिना दस्तावेज ले जाने के मामले में सदर जगाधरी थाना पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कुरुक्षेत्र के गांव ध्यांगला निवासी जयकिशन को कुरुक्षेत्र से काबू किया है। आरोपी को-ऑपरेटिव सोसायटी में क्लर्क के पद पर तैनात था। हालांकि इस समय वह सेवानिवृत्त हो चुका है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
मामले में पुलिस पहले कैंटर चालक गांव महलांवाली निवासी जसविंद्र सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है। कृषि विभाग की टीम ने 21 नवंबर 2025 की रात गांव महलांवाली में करीब 300 बैग यूरिया से भरा कैंटर पकड़ा था। जांच के दौरान चालक यूरिया से संबंधित दस्तावेज पेश नहीं कर सका था। इसके बाद कैंटर को कब्जे में लेकर पुलिस को सौंप दिया गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि कैंटर में लदा यूरिया लाडवा क्षेत्र के गांव बकाली स्थित को-ऑपरेटिव सोसायटी से लोड किया गया था। इसी आधार पर पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई और जयकिशन की भूमिका सामने आने पर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी से मामले से जुड़े तथ्यों को लेकर पूछताछ की गई। इसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए। सदर जगाधरी थाना प्रभारी आनंद प्रकाश ने बताया कि अब मामले में यूरिया की सप्लाई और आरोपियों की भूमिका से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद