यमुनानगर। वीरवार को रक्षाबंधन है। बुधवार दोपहर के 12 बजे ही इस पर्व पर महिलाओं को मुफ्त यात्रा शुरू हो गई थी। महिलाओं को गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाने की 400 कर्मियों को जिम्मेदारी दी गई।
बुधवार दोपहर को ही यमुनानगर-जगाधरी बस स्टैंड पर महिलाओं की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। उधर यमुनानगर रोडवेज डिपो ने रक्षाबंधन पर महिलाओं की मुफ्त यात्रा होने के चलते अपनी सभी बसों को मार्गों पर उतार दिया है। रोजाना 127 बसें ऑनरूट रहती थीं, लेकिन पर्व को देखते हुए 135 बसों को लगाया गया है। इस यात्रा की सुविधा 10 अगस्त को दोपहर 12 बजे से शुरू हो चुकी है, जो 11 अगस्त रक्षाबंधन के दिन मध्य रात्रि 12 बजे तक रहेगी।
इस बार रक्षाबंधन पर बसों के अंदर पानी के कैंपर भी रखवाए गए हैं ताकि यात्रा के दौरान किसी महिला और बच्चे को पीने के पानी की दिक्कत न हो।
बाक्स
बस स्टैंडों पर 35 इंस्पेक्टर तैनात
मुफ्त यात्रा को देखते हुए यमुनानगर रोडवेज डिपो की तरफ से जिले के छह बस स्टैंडों पर अतिरिक्त कर्मचारी लगाए गए हैं। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर 35 इंस्पेक्टरों को भी तैनात किया गया है। इन कर्मचारियों की बस स्टैंड पर महिलाओं को बस में बैठाने की जिम्मेदारी होगी।
बाक्स
वर्जन
रक्षाबंधन को देखते हुए डिपो की सभी 135 बसों को मार्गों पर उतार दिया गया है। बुधवार दोपहर 12 बजे ही मुफ्त यात्रा की सुविधा बसों में शुरू हो गई थी। जिले के सभी बस स्टैंडों पर 35 इंस्पेक्टरों को लगाया गया जो महिला सवारी को बस में बैठाने के लिए सहायता करेंगे।
-बालकराम, महाप्रबंधक, रोडवेज, यमुनानगर।