संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने मंगलवार को प्रॉपर्टी आईडी दुरुस्तीकरण, शहर के विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था, शहर व पार्कों के सुंदरीकरण, सीएम विंडो व समाधान शिविर की शिकायतों के निवारण समेत विभिन्न मुद्दों पर निगम अधिकारियों, चेकर, मेकर व अन्य कर्मचारियों की बैठक ली। उन्होंने प्रॉपर्टी आईडी की लंबित आपत्तियां तीन देने निपटाने के निर्देश दिए।
उन्होंने एनडीसी पोर्टल के चेकर व मेकर को कड़े निर्देश दिए कि यदि अब किसी ने भी बिना किसी कारण के प्रॉपर्टी आईडी संबंधित ऑब्जेक्शन को रिवर्ट किया तो उसे माफ नहीं किया जाएगा। इस कार्य में बिल्कुल भी कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सबसे पहले एनडीसी पोर्टल पर नई प्रॉपर्टी आईडी बनाने, उप-विभाजित प्रॉपर्टी आईडी के लिए ऑनलाइन आवेदन की समीक्षा की।
इसके बाद लंबित प्रॉपर्टी आईडी ऑब्जेक्शन, प्रॉपर्टी आईडी में नाम, मोबाइल नंबर, संपत्ति एरिया, अप्रूव्ड, अनअप्रूव्ड आदि त्रुटियों को दुरुस्त करने, रिवर्ट व रिजेक्ट की गई आपत्तियों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने मेकर व चेकर को निर्देश दिए कि किसी भी व्यक्ति को प्रॉपर्टी आईडी को दुरुस्त करने, उस पर लगाए ऑब्जेक्शन को राइट टू सर्विस कमिशन से निर्धारित समय के तहत दुरुस्त करें।
बिना कारण किसी भी ऑब्जेक्शन को रिवर्ट व रिजेक्ट न करें। सभी मेकर व चेकर अतिरिक्त समय लगाकर शनिवार तक लंबित ऑब्जेक्शन निपटाए। उन्होंने तीनों क्षेत्रीय कराधान अधिकारियों को प्रॉपर्टी आईडी स्वयं सत्यापित कराने में तेजी लाने, शनिवार तक एक लाख 30 हजार तक प्रॉपर्टी आईडी सत्यापित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री स्वामित्व योजना, मुख्यमंत्री घोषणा के विकास कार्यों की भी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने सफाई शाखा के अधिकारियों से डोर टू डोर कचरा कलेक्शन, सेग्रीगेशन व कचरा निस्तारण पर चर्चा की। उन्होंने कैल कचरा प्लांट में पड़े कचरे का निस्तारण कराने, डोर टू डोर कचरा कलेक्शन में लगे टिप्परों की संख्या में जल्द बढ़ोतरी करने के निर्देश दिए।
वहीं, अभियंता शाखा के अधिकारियों से नगर निगम के बड़े प्रोजेक्ट 52.87 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन ओपन एयर थियेटर एवं ऑडिटोरियम, कैल कचरा निस्तारण प्लांट में शैड, हमीदा हेड के पास नौ एकड़ में छह करोड़ 13 लाख की लागत से पार्क बनाने, बाड़ी माजरा पुल से फतेहपुर पुल तक पश्चिमी यमुना नहर किनारे 12.87 करोड़ की लागत से रिवर फ्रंट बनाए जाने, नगर निगम कार्यालय के नए भवन समेत विभिन्न प्रोजेक्ट की अपडेट ली।