जहरीली शराब प्रकरण में ठेकेदार व हिस्सेदारों के जेल जाने के बाद बंद हुए शराब ठेकाें की दोबारा से कराई जा रही नीलामी प्रक्रिया मंगलवार को पूरी हो गई। कुल 11 जोन में आठ जोन के शराब ठेकों की नीलामी पहले हो चुकी थी। शेष बचे तीन जोन की नीलामी मंगवार को ऑनलाइन कराई गई। तीनों जोन 4.88 करोड़ रुपये में नीलाम हुए।
जहरीली शराब प्रकरण में जोन 20, 21 व 43 नीलाम होने से रह गए थे। इनमें राव-खुर्दबन जोन 20 का रिजर्व प्राइस 1.34 करोड़ रुपये था, जो 1.35 करोड़ में, जठलाना-पालेवाला जोन 21 का रिजर्व प्राइस 1.57 करोड़ रुपये था जो 1.62 करोड़ रुपये में नीलाम हुआ, कांसापुर-ससाैली रोड जोन 43 का रिजर्व प्राइस 1.90 करोड़ रुपये था जो 1.91 करोड़ रुपये में बिका। इनके अलावा आबकारी विभाग ने एक अन्य आईटीआई रोड-विष्णु नगर जोन 41 की नीलामी कराई है। इसका रिजर्व प्राइस 3.39 करोड़ रुपये था जो 3.41 करोड़ रुपये में बिका। जोन 20 को संजीव कुमार, जोन 21 को बृजपाल, जोन 43 को बृजपाल व जोन 42 को स्कॉचटैप लिकर ने खरीदा।
जिले में जोन नंबर 03, 09, 20, 21, 22, 23, 28, 34, 35, 43 व 50 बरेहड़ी गांव के महेंद्र कांबोज के नाम पर थे। नवंबर माह में दिवाली से पहले मंडेबरी में एक ही दिन में जहरीली शराब पीने से छह लोगों की मौत हो गई थी। एक के बाद एक 18 लोगों की मौत शराब पीने से हुई। जिस पर पुलिस ने जांच करते हुए मंडेबरी में अवैध रूप से शराब बेचने वाले खुर्दे पीर माजरी गांव के रॉकी को गिरफ्तार किया था। रॉकी ने बताया था कि वह जोन 50 में फूंसगढ़ के ठेके से शराब लाकर गांव में बेचता था। जिसके बाद पुलिस को पता चला कि फूंसगढ़ ठेके को महेंद्र सिंह के नाम पर आबकारी विभाग से लिया गया था। इसमें इस प्रकरण के बाद निलंबित हो चुके कांग्रेस नेता मांगे राम मारूपुर, गौरव बुबका, अमरनाथ व अन्य लोग हिस्सेदार थे। जो अंबाला के मुलाना में चल रही नकली शराब बनाने की फैक्टरी से शराब लेकर आते थे। पुलिस ने महेंद्र सिंह व अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उनके जेल जाने के बाद फीस जमा नहीं हो रही थी। इसलिए आबकारी विभाग ने सभी 11 जोन को नीलाम कराने का निर्णय लिया।
जहरीली शराब कांड में बिलासपुर थाना में दर्ज केस में अंबाला के अलियासपुर गांव निवासी संदीप सिंह उर्फ सोनू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। टंगैल स्थित जिस ठेके से मंगलौर निवासी ऋषिपाल ने शराब खरीदकर पी थी। संदीप सिंह उसका ठेकेदार है। रणजीतपुर चौकी इंचार्ज रतन चंदेल ने बताया कि संदीप को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। वहीं इस केस में इससे पहले पुलिस सेल्समैन अंबाला के मुलाना के पंजाबी मुहल्ला निवासी वरूण बख्शी, सैनी मुहल्ला निवासी अंकुश व अधोया के मोहित उर्फ काला राणा को गिरफ्तार कर चुकी है।
सीआइए वन की टीम ने थाना छप्पर में दर्ज केस में प्रोडक्शन रिमांड पर लिए गए आरोपी थंबड निवासी गौरव व डुलियानी के विक्रांत को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने विक्रांत से 1500 रुपये और गौरव से एक हजार रुपये बरामद किए। दोनों आरोपियों को जेल भेजा गया। सीआइए वन इंचार्ज केवल सिंह ने बताया कि इस केस में उगाला निवासी अंकित उर्फ मोगली, कूलपुर के प्रदीप व थंबड़ के कपिल को प्रोडक्शन रिमांड पर लिया जाएगा।