यमुनानगर। जिले में वीरवार देर रात हुई बारिश की वजह से तापमान में थोड़ी कमी आई है। इससे लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिली। वरना तेज धूप में लोगों का निकलना मुश्किल हो रहा था। जिले का अधिकतम तापमान 32 डिग्री व न्यूनतम 23 डिग्री दर्ज किया गया।
अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बारिश की वजह से एक डिग्री की कमी हुई है। दोपहर के समय भी बादल छाने से एक बार तो बारिश होने की संभावना बन गई थी। छिटपुट बूंदाबांदी हुई।
पिछले कई दिनों से तेज धूप की वजह से गर्मी व उमस हो रही थी। इससे लोगों का कहीं आना जाना मुश्किल हो रहा था। वीरवार रात अचानक मौसम पलटा और बादल उमड़ आए। व्यासपुर व आसपास क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई।बिजली कड़कने से डरे लोग घरों में दुबक गए। मौसम विभाग के अनुसार छह, सात व आठ अक्तूबर को बारिश होने की संभावना हे। किसानों को धान की कटाई न करने की सलाह मौसम विभाग ने दी है।