संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम के विशेष अधिकारी (सफाई) अनिल कुमार यादव (एचसीएस) ने शुक्रवार को शहर के दुकानदारों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होेंने दुकानदारों से कहा कि दुकान के आगे सड़क पर सामान न रखें। ऐसा करने पर सामान जब्त करने के साथ चालान कर जुर्माना वसूला जाएगी।
उन्होंने दुकानदारों को अपने आसपास सफाई व्यवस्था बनाए रखने और दुकान के सामने अतिक्रमण न करने के बारे में समझाया। सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने बारे जागरूक किया। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी दुकानदार ने दुकान के आगे सामान रखकर अतिक्रमण किया, प्रतिबंधित पॉलीथिन का इस्तेमाल किया और खुले में गंदगी फैलाई तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सामान जब्त करने के साथ उसका 25 हजार रुपये तक का चालान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान 25 नवंबर तक जारी रहेगा। उन्होंने सभी रेहड़ी और फड़ी संचालकों को समझाया कि वे डस्टबिन का इस्तेमाल करें और उसका कचरा डोर-टूडोर आने वाले वाहन में डाले। यदि कोई भी उनके आसपास कचरा डालता है तो उसकी अपने मोबाइल में फोटो खींचे और उन्हें इसकी जानकारी दें।
खुले में कचरा डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। नियमों की अवहेलना करने वाले हर दुकानदार पर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक अनिल नैन, मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षक विनोद बेनीवाल, सफाई निरीक्षक अमित कंबोज, सतबीर, सचिन कांबोज मौजूद रहे।