संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य और यादगार बनाने के लिए जिले में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। समारोह में स्कूली विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति गीत, समूह नृत्य और अन्य प्रस्तुतियों का अभ्यास पूरी लगन के साथ किया जा रहा है।
स्कूलों में विद्यार्थी नियमित रिहर्सल कर अपनी प्रस्तुतियों को बेहतर बनाने में जुटे हैं। जिला प्रशासन की ओर से मंगलवार को समारोह स्थल पर फुल ड्रेस रिहर्सल भी आयोजित की गई। इसमें स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम, समूह नृत्य और गीत प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ प्रस्तुतियां देकर समारोह की झलक दिखाई।
इसके अलावा मार्च पास्ट, पीटी प्रदर्शन और अन्य गतिविधियों का भी अभ्यास किया गया। रिहर्सल के दौरान कार्यक्रमों के क्रम, मंच व्यवस्था समेत अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। समारोह में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश दिया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
डीसी प्रीति ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के गौरव और वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को याद करने का अवसर है। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियां नई पीढ़ी में देशप्रेम, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने में सहायक होंगी। समारोह स्थल पर सुरक्षा, यातायात, पेयजल, बिजली, साफ-सफाई और बैठने की व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए।