तीन युवकों ने स्मैक बेचने से मना करने पर डंडों और बाल्टी से हमला कर युवक को घायल कर दिया। युवक से मारपीट करते हुए किए ने उसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। घायल युवक पहले नशीले पदार्थ बेचने का काम करता था। लेकिन अब उसने नशीले पदार्थ बेचने का काम छोड़ दिया था। आरोपी उससे जबरन स्मैक बेचने का काम कराना चाहते थे। घायल युवक का उपचार अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दुर्गा गार्डन कॉलोनी निवासी मिथुन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पहले स्मैक का नशा करता था और सागर उर्फ सगड़ी के साथ मिलकर स्मैक बेचने का काम करता था। अब उसने स्मैक का नशा करना और नशीले पदार्थ बेचना छोड़ दिया था। शुक्रवार को सागर उर्फ सगड़ी अपने साथी राज उर्फ राजा व एक अन्य के साथ मिलकर उसके पास आया। आरोपी ने उसे स्मैक बेचने के लिए कहा। लेकिन उसने मना कर दिया तो आरोपी उससे तीन हजार रुपये मांगने लगे। जब उसने रुपये देने से मना किया तो आरोपियों ने उससे मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने डंडों और बिंडों से उसे जमकर पीटा। एक आरोपी ने बाल्टी से उस पर कई वार किए। इससे वह बेहोश हो गया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी उसकी जेब से आठ हजार रुपये की नकदी भी निकाल कर ले गए। युवक से मारपीट करते हुए कुछ लोगों ने वीडियो बनाई। अर्जुन नगर चौकी इंचार्ज वेदपाल का कहना है कि घायल मिथुन के ब्यान ले लिए है। मिथुन ने सागर उर्फ सगड़ी व राज उर्फ राजा नाम के दो लोगों पर स्मैक न बेचने व पैसे न देने पर मारपीट करने की बात कही है। मामले की जांच की जा रही है।