संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। ईंट भट्ठा ठेकेदार इरफान की हत्या के मामले में वीरवार को परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इन्कार कर दिया। वह अड़ गए कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती तब तक वह पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे। बाद में संदिग्धों को सीआईए की हिरासत में लिए जाने की जानकारी मिलने के बाद परिजन पोस्टमार्टम करवाने के लिए राजी हुए।
सीआईए-2 की टीम दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इनमें इरफान के साथ पांवटा साहिब में प्लॉट देखने गया उसका साथी भी शामिल बताया जा रहा है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों की सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल के आधार पर भी जांच कर रही है।
विजय कॉलोनी निवासी 64 वर्षीय इरफान मंगलवार को अपने साथी राकेश के साथ पांवटा साहिब में प्लॉट देखने गया था। लौटते समय साथी ने उसे हाईवे किनारे उतार दिया था। इसके बाद बुधवार सुबह उसका शव गांव जयधर-माजरी मार्ग पर श्मशान घाट के पास पॉपुलर के खेत में क्षत-विक्षत हालत में मिला था। उसके सिर और चेहरे पर चोट के गहरे निशान थे।
परिजनों ने हत्या के मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस से हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की थी। परिजनों ने बुधवार को कोई गिरफ्तारी नहीं होने के कारण शव का पोस्टमार्टम कराने की सहमति नहीं दी थी। इसके बाद वीरवार को पुलिस की ओर से दो संदिग्धों को हिरासत में लेने की बात सामने आई, जिसके बाद परिजनों ने अपराध शाखा-1 में गए। इसके बाद परिजन इरफान के शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए सहमत हुए। छछरौली थाना प्रभारी वेदपाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पांवटा साहिब में बंद हो गए थे मोबाइल फोन
ईंट भट्ठा ठेकेदार इरफान हत्याकांड में पुलिस मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल के आधार पर जांच कर रही है। जांच में सामने आया है कि पांवटा साहिब में इरफान और उसके साथी के मोबाइल फोन बंद हो गए थे। इरफान का मोबाइल फोन भी घटनास्थल से बरामद नहीं हुआ है। पुलिस दोनों की आखिरी लोकेशन और संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास के रास्तों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
कुछ दिन पहले हुई थी इरफान की हार्ट सर्जरी
ईंट भट्ठा ठेकेदार इरफान पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। परिजनों के अनुसार कुछ दिन पहले ही उनकी हार्ट सर्जरी हुई थी। इसके अलावा उन्हें शुगर की भी गंभीर समस्या थी, जिसके चलते वह नियमित रूप से इंसुलिन लेते थे। परिजनों ने बताया कि स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बावजूद इरफान प्रॉपर्टी खरीदने के सिलसिले में घर से निकले थे। बुधवार को उनका शव गांव जयधर के खेत में लहूलुहान हालत में मिला था।
इरफान। फाइल फोटो