संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जिले में बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों को नजरअंदाज करना अब निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आसान नहीं होगा अब उपभोक्ताओं की समस्याओं व शिकायतों की जानकारी मुख्यालय के अधिकारियों के पास भी होगी। इसका रिकॉर्ड मुख्यालय भेजा जाएगा।
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम ने उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए बिजली अदालतें लगाने की व्यवस्था शुरू की है। इसके तहत सर्कल कार्यालय में हर मंगलवार और जिले के सभी कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन) कार्यालयों में हर वीरवार को बिजली अदालतें लगेंगी। इनमें सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक अधिकारी उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनेंगे।
इस व्यवस्था के तहत शिकायतों का अलग से ब्योरा तैयार किया जाएगा और उसे निगम मुख्यालय भेजा जाएगा। इससे जिले में उपभोक्ताओं की ओर से दर्ज कराई गई शिकायतों और उनके समाधान की स्थिति की जानकारी मुख्यालय तक पहुंचेगी। वहीं, लंबे समय तक शिकायतों का समाधान नहीं करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होगी।
सर्कल के अधीक्षण अभियंता (एसई) सोमबीर भालोठिया ने बताया कि बिजली अदालतों के संबंध में जिले के सभी कार्यकारी अभियंताओं को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। निर्धारित दिन और समय पर संबंधित अधिकारी अपने कार्यालयों में मौजूद रहेंगे, ताकि उपभोक्ताओं को अपनी समस्याएं रखने के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े। इन अदालतों में बिजली आपूर्ति, बिलों में गड़बड़ी, मीटर संबंधी शिकायतों और अन्य समस्याओं को सुना जा सकेगा।
शिकायतों का बनेगा अलग-अलग ब्योरा
बिजली अदालतों में आने वाली हर शिकायत का रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। इसमें शिकायत की प्रकृति और उसके समाधान की स्थिति दर्ज होगी। इस ब्योरा मुख्यालय भेजने से शिकायतों के निपटारे पर निगरानी रखी जा सकेगी। जिन शिकायतों का लंबे समय तक समाधान नहीं होगा, उनके लिए संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा जा सकेगा।नई व्यवस्था से उन्हें सप्ताह में दो दिन निर्धारित समय पर अपनी समस्या रखने का अवसर मिलेगा। वहीं, शिकायतों का रिकॉर्ड मुख्यालय तक पहुंचने से स्थानीय स्तर पर लंबित मामलों की जानकारी भी उपलब्ध रहेगी। इससे शिकायतों के निपटारे में जवाबदेही बढ़ने की उम्मीद है।