19 से 21 जून के बीच मौसम में बदलाव की जताई जा रही संभावना
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। चिलचिलाती गर्मी और लू ने इस बार सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। सोमवार को यमुनानगर का अधिकतम तापमान पहली बार 46 डिग्री पर पहुंच गया। गर्मी ने लोगों को इस कदर बेहाल कर दिया कि मानों आसमान से आग बरस रही हो। सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। मौसम विभाग ने 19 से 21 जून तक मौसम में बदलाव होने की संभावना जताई है। इस दौरान आसमान में बादल छाने के साथ ही छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है।
अभी तक जिले का अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस ही दर्ज किया गया था परंतु सोमवार को अधिकतम तापमान 46 डिग्री पर पहुंच गया है। पारा चढ़ने के साथ ही बिजली कटौती ने भी शहरवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। झुलसाने वाली गर्मी के बीच सोमवार को दिनभर बिजली के कट लगते रहे। रात को भी बिजली कटौती से लोगों को राहत नहीं मिली। कई-कई घंटे बिजली गुल रहने से लोगों को अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिजली निगम के अधिकारियों के अनुसार, गर्मी के कारण बिजली के तार भी बार-बार टूट रहे हैं, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। ऐसे में लोगों की बिजली से संबंधित शिकायतें भी चार गुणा बढ़ गई हैं। एक दिन में 1000 से 1200 तक शिकायतें बिजली निगम के पास आ रहीं हैं। लोगों का कहना है कि एक तो गर्मी ने सभी का बुरा हाल कर दिया है। ऊपर से बिजली कटौती की मार से जीना मुहाल हो गया है। सारा दिन गर्मी के कारण लोगों के गले सूख रहे हैं और दिनभर पानी, कोल्ड ड्रिंक व जूस का सहारा ले रहे हैं। कृषि विज्ञान केंद्र दामला के मौसम वैज्ञानिक अजीत कुमार ने बताया कि इस बार जिले में गर्मी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 46 डिग्री पर पहुंच गया है। 19 से 21 जून तक बूंदाबांदी होने की संभावना है, जिसके बाद ही गर्मी से राहत मिल सकती है।
आज 14 घंटे छह मिनट का होगा दिन
18 जून को इस साल का सबसे लंबा दिन होगा। मंगलवार को दिन की अवधि 14 घंटे छह मिनट की होगी। इसके बाद 19 जून से दिन की अवधि घटनी शुरू हो जाएगी। 21 जून तक दिन की अवधि 14 घंटे पांच मिनट की होगी। 22 जून को एक बार फिर से दिन 14 घंटे छह मिनट का होगा। इसके बाद से रोजाना दिन की अवधि एक मिनट कम होती जाएगी।