साढौरा। बाईपास के साथ सटी गली स्थित मकान में मिठाइयां बनाए जाने की सूचना पर सीएम फ्लाइंग ने बुधवार दोपहर यहां रेड की। मकान में रसगुल्ले बनाने का कारखाना चलाया जा रहा था। एसआई राजबीर, एचसी प्रवेश व एचसी प्रवीण की टीम को गंदगी में रसगुल्ले बनते मिले। यहीं नहीं तैयार किए रसगुल्लों में मक्खियां मरी हुई थीं और काफी गंदगी थी। टीम ने रसगुल्लों के छह ड्रम मौके पर ही नष्ट करवा दिए। जबकि बाकि 38 ड्रमों व टपों में रखे करीब 40 क्विंटल रसगुल्लों के सैंपल लेने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दी।
एसआई राजबीर ने बताया कि सूचना के आधार पर कारखाने पर रेड की गई है। प्रथम दृष्टया खराब नजर आ रहे रसगुल्ले नष्ट करवा दिए गए हैं। अन्यों के सैंपल लिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी। छापामारी के दौरान कारखाने संचालक मध्य प्रदेश निवासी ऋषिपाल भी मौके पर ही मौजूद था। उसने बताया कि उसने एक माह पहले ही मकान किराए पर लेकर रसगुल्ले बनाने का काम शुरू किया है। तैयार रसगुल्ले आसपास के कस्बों व देहात में सप्लाई किए जाते हैं। उसने बताया कि चीनी, घी व दूध से यह रसगुल्ले तैयार करता है। जबकि छापेमारी के दौरान मौके से चीनी, घी व दूध बरामद ही नहीं हुआ। इसलिए आशंका है कि यहां किसी अन्य पदार्थों के मिश्रण से रसगुल्ले तैयार किए जाते हैं।
फिलहाल टीम ने रसगुल्ले के छह ड्रम नष्ट करवा दिए हैं, जबकि अन्यों के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं। इस दौरान जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. प्रेम सिंह ने बताया कि लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए गंभीरता से काम किया जा रहा है। लगातार मिठाइयों के नमूने लिए जा रहे हैं।