सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर उससे दुराचार करने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि महिला ने युवती को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया। बाद में महिला के पति ने युवती के साथ दुष्कर्म किया।
इतना ही नहीं आरोपी ने उसकी अश्लील फोटो भी खींची। जब युवती व उसके परिजनों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसकी मां व बहन के साथ मारपीट की। मामले में पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी दंपति पर दुष्कर्म व मारपीट करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। मामले में अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में एक गांव की 24 वर्षीय युवती ने बताया कि दो जून को उनकी पड़ोसी महिला ने उसे किसी काम के लिए अपने घर पर बुलाया था। इस दौरान घर पर महिला का पति भी मौजूद था। महिला ने उसे बैठने का कहा और अंदर से कोल्ड ड्रिंक लेकर आई और उसे पीने को दी। कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद वह बेहोश हो गई। युवती का कहना है कि आरोपी ने इस दौरान उसकी अश्लील तस्वीरें खींच ली। लोक लाज के भय से उसने यह बात किसी को नहीं बताई और घर चली गई।
युवती का आरोप है कि 19 जून को आरोपी व्यक्ति और महिला ने एक बार फिर उसे अपने घर पर बुलाया, लेकिन उसने जाने से मना कर दिया। कुछ देर के बाद दोनों उसके घर पर आ गए और उसे अश्लील फोटो दिखाते हुए धमकाने लगे। जब उसने अपनी मां व बहन के साथ मिलकर इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसकी मां व बहन के साथ मारपीट की। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने युवती की मेडिकल जांच करवाई जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हो गई है। जांच अधिकारी एएसआई मेनका ने बताया कि दोनों पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
घर में घुस कर महिला से रेप
उधर, फर्कपुर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में एक युवक ने घर में घुस कर महिला के साथ दुष्कर्म किया। फर्कपुर पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि शनिवार को उसके घर के अन्य सदस्य किसी काम से बाहर गए थे। वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान आजाद नगर निवासी एक व्यक्ति दीवार फांद कर उसके घर में घुस आया। युवक ने उससे दुराचार किया। जांच अधिकारी एएसआई शिलावंती का कहना है कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।