जगाधरी। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने मोबाइल झपटने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी से छीना गया मोबाइल व पैसे भी बरामद किए गए हैं। आरोपी की पहचान शंकरपुरी कॉलोनी जगाधरी निवासी जितेंद्र कुमार उर्फ राजन उर्फ खोपड़ी के नाम से हुई।
थाना प्रबंधक विश्वजीत ने बताया कि जिला कुरुक्षेत्र के गांव गजलाना निवासी कमल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि छह अप्रैल को वह अपने साथी को छोड़ने के लिए बाइक पर बृजपुरी कॉलोनी जगाधरी जा रहा था। जब वह सेक्टर-17 के श्मशान घाट के पास पहुंचा तो अचानक से बाइक पर सवार होकर तीन लड़के आ गए। उन्होंने उनकी बाइक को रोककर उसे व उसके साथी सुमित को पकड़ कर जेब से पैसे एटीएम व मोबाइल छीन कर भाग गए। मामले में अब एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से छीना गया मोबाइल, पैसे व अन्य सामान बरामद किया गया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।