संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर (यमुनानगर)। खंड के साथ लगती शिवालिक की पहाड़ियों में रविवार सुबह जमकर बारिश हुई। ऐसे में पहाड़ों का पानी समतल एरिया की सूखी पड़ी नदियों में पहुंच गया। वहीं इन नदियों में बाढ़ बचाव कार्य चल रहा था।
क्षेत्र से सोम, पथराला, बोली व नागल खाला नदियां बरसाती हैं। पहाड़ों पर बारिश होने से पहली बार इन नदियों में पानी जमा हो गया है। हालांकि पानी अभी सामान्य है। मानसून में यदि बारिश अधिक हुई तो ये नदियां उफान पर आ सकती हैं। ऐसे में आसपास के एरिया को काफी नुकसान हो सकता है।
सिंचाई विभाग की तरफ से नदियों पर स्टड व किनारों पर पत्थर लगाने का कार्य चल रहा है। ऐसे में यदि बारिश का पानी नदियों में अधिक पहुंच गया तो विभाग को काफी नुकसान हो सकता है। लेकिन अभी आए पानी से तेज बहाव से कई जगह नदी के किनारे क्षतिग्रस्त हो गए। बता दें मानसून के दिनों में ये नदियां हर साल उफान पर आ जाती हैं। लेकिन अभी स्थिति सामान्य बनी हुई है।