संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। सेक्टर-17 स्थित जिमखाना क्लब में चल रही क्रीड़ा भारती की लॉन टेनिस प्रतियोगिता के फाइनल मैच बारिश के कारण स्थगित कर दिए गए। रविवार को प्रतियोगिता का दूसरे दिन बारिश से पहले क्वार्टर व सेमी फाइनल मैच ही करवाए जा सके। वहीं राजेंद्र गुप्ता व कर्ण बिंदलिश और दीपक सोंधी व जगमीत सिंह की जोड़ी फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मैच की तिथि अभी जारी की जानी है।
क्रीड़ा भारती की ओर से हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में खेल पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत यह प्रतियोगिता करवाई जा रही है। इस दो दिवसीय टेनिस प्रतियोगिता में जिले के वरिष्ठ खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें जिले की कुल दस युगल टीमें शामिल रहीं। लीग मैच शनिवार को करवाए गए थे।
रविवार को क्वार्टर व सेमीफाइनल व फाइनल मुकाबले करवाए जाने थे। रविवार को पहला सेमीफाइनल मैच में राजिंद्र गुप्ता व कर्ण बिंदलिश की जोड़ी ने आक्रामक और बेहतरीन तकनीक से आशीष गर्ग व गौरव ओबरॉय को हराकर 7-2 से जीत दर्ज की। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में दीपक सोंधी व जगमीत सिंह की जोड़ी ने शानदार खेल दिखाया। दोनों ने डॉ. अनुपम चौपाल व रजत कालड़ा को 7-2 से हराकर फाइनल में जगह पाई।
वहीं तीसरे मैच में डॉ. अनुपम चोपाल व रजत कालड़ा ने वापसी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। दोनों ने आशीष गर्ग व गौरव ओबरॉय की जोड़ी को 7-3 से हराकर टूर्नामेंट में तीसरा स्थान प्राप्त कर लिया।अब पहले व दूसरे स्थान के लिए राजिंद्र गुप्ता व कर्ण बिंदलिश व दीपक सोंधी व जगमीत सिंह की जोड़ी भिडेंगी।
टूर्नामेंट के लिए खिलाड़ियों की टीमों को ग्रुप में बांटा गया था। ग्रुप ए में राजिंद्र गुप्ता व कर्ण बिंदलिश, दीपक सोंधी व जगमीत सिंह, डीएल मारिया व डॉ. मैग्गो, विन्कले व शिवम सिंगला और सुमित गुप्ता व हरविंद्र सिंह की टीम को रखा गया। वहीं, ग्रुप बी में आशीष गर्ग व गौरव ओबेरॉय, निमेश मित्तल व रमन पहुजा, आकाश गुप्ता व आशीष बंसल, फूलजीत व हरप्रीत, डॉ. अनुपम चौपाल व रजत कालड़ा की टीम शामिल रहीं।
क्रीड़ा भारती के जिलाध्यक्ष सुमित गुप्ता ने कहा कि खेल पखवाड़े के अंतर्गत 12 खेलों के विभिन्न श्रेणियों में प्रतियोगिताएं करवाई जा रही है। अभी टेनिस की प्रतियोगिता वरिष्ठ आयु वर्ग में करवाई गई। खेल पखवाड़े का उद्देश्य युवाओं व विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुझान पैदा करना है। उत्तर क्षेत्र सह संयोजक डॉ. उमेश प्रताप वत्स खेल पखवाड़ा 12 सितंबर तक मनाया जाएगा। इस दौरान जिला मंत्री अमर सिंह, आईटी प्रमुख गुरुदत्त किमोठी, भावना दुआ, विनय अग्रवाल, राकेश कुमार आदि उपस्थित रहे।