संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। तीन दिन से लगातार हो रही बारिश की वजह से तापमान में काफी कमी आई है। इससे मौसम में ठंडक घुल गई है। सोमवार रात को इतनी ठंड थी कि लोगों को सोते समय कंबल लेने पड़े।
जिले में सोमवार को भी रातभर बारिश होती रही, जो मंगलवार सुबह नौ बजे तक जारी रही। राहत की बात यह रही कि रातभर हल्की बारिश हुई। जिससे कहीं पर भी जलभराव नहीं हुआ। हालांकि बीच-बीच में तेज बारिश होती रही। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 26 डिग्री व न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जिले में मंगलवार सुबह तक गत 24 घंट में औसतन 77 एमएम बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश साढौरा खंड में 90 एमएम हुई। इसके बाद छछरौली में 82 एमएम बारिश हुई। सबसे कम प्रतापनगर में 63 एमएम बारिश हुई। सुबह के समय बारिश इतनी ज्यादा थी कि विद्यार्थियों को अपने स्कूल, कॉलेजों में भीगते हुए जाना पड़ा।
अभिभावक अपने बच्चों को बारिश से बचाते हुए स्कूलों में ले जाते दिखे। इससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इससे बच्चाें के कपड़े व किताबें भी गीले हो गए। बारिश की वजह से स्कूलों में पहली से पांचवीं कक्षा तक के बच्चों की हाजिरी कम रही। अन्य कक्षाओं के विद्यार्थी भी संख्या में और देरी से स्कूल पहुंचे।
सुबह नौ बजे बारिश बंद होने से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली। परंतु इसके बाद दोपहर बाद कभी बारिश शुरू होती तो कभी बंद हो जाती। शाम तक यही सिलसिला चलता रहा। मौसम विभाग ने बुधवार को भी बारिश होने की संभावना जताई है। बारिश होने पर तापमान में भी कमी होने का अनुमान है।
गत 24 घंटे में बरसा पानी
तहसील एमएम
जगाधरी 72
व्यासपुर 79
रादौर 76
छछरौली 82
सरस्वतीनगर 76
साढौरा 90
प्रतापनगर 63