संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में प्रवेश प्रक्रिया का तीसरा ऑनलाइन चरण चल रहा है। सोमवार के प्रक्रिया का चौथा दिन बारिश बारिश के कारण कम विद्यार्थी पहुंचे। चौथे दिन नोडल आईटीआई में कुल 72 ही दाखिले हो पाए। इस चरण की वरीयता सूची की 184 सीटें खाली रह गई हैं। इस चरण का मंगलवार को अंतिम दिन है।
तीसरी वरीयता सूची में कुल 374 विद्यार्थियों को सीटें अलॉट की गई थीं। विभाग की ओर से आवंटित कुल सीटों में से चार दिनों में सिर्फ 190 सीटों पर दाखिले हुए हैं। रिक्त 184 सीटें भरने के लिए नोडल संस्थान के पास मंगलवार को अंतिम दिन है। इसके साथ ही नोडल आईटीआई की प्रक्रिया में शामिल कुल 1,304 सीटों में 763 सीटों पर दाखिले हो चुके हैं। इसके बाद अब नोडल आईटीआई की 541 सीटें खाली रह गई हैं। इन सीटों पर चौथे चरण की प्रक्रिया में दाखिले किए जाएंगे।
तीसरे चरण की प्रक्रिया के लिए सुबह से ही नोडल आईटीआई में विद्यार्थी पहुंचने लगे थे। सोमवार को मौसम खराब और जगह-जगह जलभराव के कारण अपेक्षाकृत विद्यार्थी कम आए। नोडल आईटीआई की 256 सीटें खाली थीं और सोमवार को विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद थी। परंतु बारिश ने उम्मीद पर पानी फेर दिया।
बिना फीस रद्द हो जाएगा दाखिला
विभाग के शेड्यूल के अनुसार तीसरी वरीयता सूची में सीट पाने वाले विद्यार्थियों के पास दस्तावेज जांच के लिए मंगलवार को अंतिम दिन है। विद्यार्थियों की फीस भी दाखिले के साथ ही जमा की जा रही है। वहीं, विभाग की ओर से फीस भरने के लिए विद्यार्थियों को एक दिन अतिरिक्त दिया गया है। विद्यार्थी 12 अगस्त तक अपनी फीस जमा कर सकेंगे। फीस जमा होने के बाद ही विद्यार्थी की सीट पक्की मानी जाएगी। फीस जमा न करवाने वाले विद्यार्थियों के दाखिले रद्द हो जाएंगे।
विभाग के शेड्यूल के अनुसार संस्थान में दाखिले किए जा रहे हैं। प्रक्रिया का मंगलवार को अंतिम दिन है। इस चरण में शामिल विद्यार्थी बुधवार तक अपनी फीस जमा करवा सकते हैं। - भूपेंद्र सिंह सांगवान, प्राचार्य नोडल आईटीआई।