संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। पिछले कुछ दिनों से बारिश न होने से गर्मी और उमस से लोगों का हाल बेहाल हो रहा था। परंतु रविवार शाम को बादलों ने अपनी मेहरबानी दिखाई और जमकर बरसे। इस दौरान क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई। बारिश से सड़कों व गलियों में पानी भर गया। वहीं, पानी निकासी का इंतजाम न होने से परेशान लोगों ने प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई।
क्षेत्र में रविवार शाम को हुई बारिश से लोगों ने राहत की सांस ली है। कुछ दिनों से क्षेत्र में भारी उमस और गर्मी से लोगों का बुरा बेहाल हो रहा था। रविवार सुबह भी काफी उमस और चिपचिपी गर्मी थी। जिस कारण लोगों को घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा था। वहीं, उमस के कारण कूलर व एसी में भी लोगों को चैन नहीं मिल रहा था।
शाम को हुई तेज बारिश ने लोगों को उमस व गर्मी से राहत दी। इस दौरान तेज बारिश के कारण क्षेत्र में कई जगह जलभराव की समस्या हुई। जिससे लोगों को जूझते देखा गया। सड़क पर पानी जमा होने से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया। पानी ज्यादा होने के कारण कई लोगों के वाहन बीच में ही बंद हो गए।
इसके बाद लोगों को पैदल ही वाहन धकेलना पड़ा। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि पानी निकासी का इंतजाम न होने से लोगों को भारी परेशानी हो रही है।