हिमाचल प्रदेश से सटे खिजराबाद क्षेत्र में बारिश और ओलावृष्टि से गर्मी का एहसास उड़न-छूं हो गया।
मंगलवार शाम को यहां करीब पौने घंटे तक बरसात हुई। इस दौरान कुछ मिनटों तक ओले भी पड़े।
पिछले कई दिनों से पड़ रही भयंकर गर्मी में ओलावृष्टि के साथ बारिश होने से गर्मी से कुछ निजात मिली है और मौसम भी सुहावना हो गया है। शाम को बादलों की गड़गड़ाहट ने कुछ देर में ही बारिश का रूप ले लिया। करीब पौने पांच बजे बारिश आरंभ हुई और छह बजे थमी।
इस दौरान कुछ मिनटों के लिए छोटे आकार के ओले भी पड़े। इस बरसात ने मौसम को खुशगवार बना दिया। बारिश के बाद इलाके की खस्ताहाल सड़कों की दशा और खराब हो गई।
सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को असुविधा का सामना करना पड़ा।