संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शंभू स्टेशन पर चल रहे किसान आंदोलन से रेल व्यवस्था बेपटरी हो गई है। आंदोलन के चलते रेलवे को दर्जनों ट्रेनें आंशिक व पूर्ण रूप से रद्द कर दर्जनों के रूट बदलने पड़ रहे हैं। रेलवे ट्रेन संचालन को लेकर रोजाना नई रणनीति बना रहा है, लेकिन पूर्ण व सुचारू संचालन नहीं हो पा रहा है। ट्रेनें रद्द होने के कारण कई स्टेशनों से संपर्क कट चुका है।
ऐसे में राज्यों व जिलों में जाने के लिए लोगों को निजी वाहनों व सड़क मार्ग का ही सहारा है। आंदोलन के चलते लोगों को बसों में भीड़ बढ़ गई है। ट्रेनें रूट बदलकर चलाई जा रही हैं, जिस कारण अधिकांश ट्रेनें देरी से चल रही हैं। लोगों को स्टेशन पर घंटों ट्रेन का इंतजार करना पड़ रहा है, कई यात्री ऐसे भी हैं, जो दो-तीन दिन से ट्रेन पकड़ने आ रहे हैं, लेकिन भीड़ के कारण यात्री चढ़ नहीं पा रहे हैं, तो किसी को उसके रूट की ट्रेन नहीं मिल पा रहा है।
इससेयात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी लंबे सफर वाले यात्रियों को बीच में उतरने, ट्रेन रद्द होने से कंफर्म सीट चले जाने से हो रही है। आंदोलन के चलते मंगलवार को भी आधा दर्जन ट्रेनें पूर्ण रूप से रद्द कर दी गई हैं। वहीं जबकि एक दर्जन से ट्रेनों के रूट बदल दिए गए हैं। जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आंदोलन के चलते यमुनानगर जगाधरी स्टेशन से दिल्ली के लिए अब एक मात्र ट्रेन हैं। इससे पहले दिल्ली के सीधी तीन ट्रेनें थीं। रेलवे ने जालंधर से चलकर नई दिल्ली जाने वाली गाड़ी संख्या 14681-82 इंटरसिटी एक्सप्रेस रद्द कर दी है। वहीं बाड़मेर से जम्मूतवी तक चलने वाली गाड़ी संख्या 14661-62 शालीमार एक्सप्रेस आंशिक रूप से रद्द कर दी है। इस ट्रेन का संचालन अभी दिल्ली से किया जा रहा है।
ऐसे में अब सीधी दिल्ली के लिए केवल अंबाला दिल्ली गाड़ी संख्या 14523-24 ट्रेन है। इसके अलावा हरिद्वार से अमृतसर चलने वाली गाड़ी संख्या 12053-54 जनशताब्दी सुपर एक्सप्रेस रद्द कर दी है। इसके अलावा श्रीगंगानगर से ऋषिकेश के लिए चलने वाली गाड़ी संख्या 14887-88 एक्सप्रेस भी रद्द रहेगी। वहीं ऊना हिमाचल से हरिद्वार के बीच चलने वाली गाड़ी संख्या 04501-02 स्पेशल एक्सप्रेस भी रद्द रहेगी।
दूसरी तरफ रेलवे ने कई गाड़ियों का रूट बदल दिया है। इस दौरान गाड़ी संख्या 1903-04 अमृतसर मुंबई गोल्डन टेंपल मेल का संचालन अब वाया चंडीगढ़, साहनेवाल किया जाएगा। अभी तक इसका दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से किया जा रहा था। वहीं गाड़ी संख्या 15211-12 अमृतसर दरभंगा जननायक एक्सप्रेस, 18238 अमृतसर बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, 14673-74 अमृतसर जयनगर एक्सप्रेस, 13307-08 फिरोजपुर धनबाद गंगा सतलुज एक्सप्रेस, 13005-06 अमृतसर हावड़ा मेल, 13151-52 जम्मूतवी कोलकाता एक्सप्रेस का रूट बदलकर वाया चंडीगढ़, साहनेवाल से चलाई जा रही है।
आंदोलन के चलते कई ट्रेनें रद्द कर कइयों के रूट में बदलाव किया गया है। यात्रियों की सुरक्षा सुविधा को देखते हुए रेलवे योजनाबद्ध तरीके से काम कर रहा है। स्थिति सामान्य होने तक ऐसी दिक्कतें पेश आएंगी। रेलवे से कम करने का हर संभव प्रयास कर रहा है। - एनके झा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक।