यमुनानगर। अब रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को ट्रेन में अपने कोच के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। इसके लिए यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन पर कोच पोजिशन एलईडी डिस्पले लगाई गई है। यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन पर इन आधुनिक सुविधाओं का शुभारंभ नार्दन रेलवे महाप्रबंधक एके पुथिया व अंबाला लोकसभा सांसद रतनलाल कटारिया ने किया। इस दौरान सांसद कटारिया ने जिले और रेल यात्रियों के लिए सुविधाओं हेतु जीएम को मांगपत्र सौंपा।
सोमवार शाम चार बजे नार्दन रेलवे महाप्रबंध अपने सालाना निरीक्षण के लिए यमुनानगर-जगाधरी स्टेशन पर पहुंचे। उनके साथ अंबाला मंडल के डीआरएम दिनेश कुमार, अंबाला मंडल के पूर्व डीआरएम पीके सांघी सहित डिविजन के सभी विभागों के आला धिकारी भी जीएम की विशेष ट्रेन से पहुंचे। उधर, अंबाला लोकसभा सांसद रतनलाल कटारिया सड़क मार्ग से रेलवे स्टेशन पहुंचे। जीएम व सांसद ने स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए वाटर वेंडिंग मशीन और कोच पोजिशन एलईडी डिस्पले सेवाओं का शुभारंभ किया। अंबाला लोकसभा सांसद रतनलाल कटारिया ने नार्दन रेलवे जीएम एके पुथिया के साथ वाटर वेंटिंग मशीन का शुभारंभ किया। साथ ही खुद इसका इस्तेमाल कर पानी का सेवन किया। वहीं कोच पोजिशन डिस्पेल सिस्टम की बटन दबा कर शुरुआत की गई। मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष महेन्द्र खदरी, पिछड़ा वर्ग के प्रदेशाध्यक्ष मदन चौहान, सीनियर डिप्टी मेयर पवन बिट्टू, वरिष्ठ भाजपा नेता राकेश त्यागी, अशोक मेंहदीरता यमुनानगर जगाधरी रेलवे स्टेशन अधीक्षक सतीश कुमार, सुरेंद्र शर्मा, रामनिवास गर्ग, राजेंद्र सिंह राणा, रमन गोयल, मनीष मलिक, संजीव कुमार, नीतिन कपूर, कैलाश अग्रवाल, पंकज शर्मा, प्रोमिला बख्शी, कृष्ण सिंगला सहित शहर के गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
पांच मिनट पहले पता लगेगी कोच की स्थिति:
यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में अपने कोच की स्थिति जानने के लिए यात्रियों को न तो इंक्वायरी काउंटर या स्टॉल संचालकों व कुलियों से पूछताछ नहीं करनी पड़ेगी। कोच डिस्पले में ट्रेन आने से करीब पांच मिनट पहले ही सभी कोच की पोजिशन दिखाई देगी। इससे यात्री अपने कोच की स्थिति के अनुसार और ट्रेन आने से पूर्व उस जगह पहुंच सकेगा। पहले कोच की स्थिति पता न चल पाने के कारण यात्रियों को ट्रेन खड़ी होने के दौरान सामान लेकर आगे-पीछे भागना पड़ता था।
एक रुपये में मिलेगा 300 मिली स्वच्छ पेयजल:
यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को अब पानी की बोतल के 20 रुपये नहीं खर्चने पड़ेंगे। यात्रियों को मात्र एक रूपये में स्वच्छ पेयजल मिलेगा। इसके लिए रेलवे स्टेशन पर वाटर वेंडिंग मशीन लगाई गई है। पेयजल के लिए यात्री को वाटर वेंडिंग मशीन में एक रुपये का सिक्का डालना होगा। इसके तुरंत बाद लगा नीला बटन दबाना होगा। जिसके बाद स्वच्छ पेयजल मिलेगा। बता दें कि यात्री को एक रूपये में केवल 300 मिली लीटर पानी ही मिलेगा। वहीं पात्र (डिस्पोजल गिलास) के लिए एक रूपया अलग से देना होगा। यात्रियों को 300 मिली. पानी 1 रूपये में, 500 मिली. पानी 2 रूपये, एक लीटर के लिए 3 रूपये और पांच लीटर पानी 20 रुपये का मिलेगा। बता दें कि यात्रियों को डिस्पॉजल गिलास के दाम अलग से देने पड़ेंगे, जो कि एक रुपये में मुहैया होगा।
जीएम ने जानी कर्मचारियों से कार्यप्रणाली:
अपने 58 मिनट के निरीक्षण के दौरान जीएम रेलवे कर्मचारियों से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने रेलवे के इंजीनियरिंग, हेल्पर, इलेक्ट्रिकल, टेलिफोन सहित अन्य सभी विभागों के कार्यप्रणाली के बारे जानकारी ली। जीएम ने रेलवे स्टेशन मास्टर कार्यालय के समक्ष लगी प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
सीढ़ी से ट्रैक पर उतरे जीएम व अन्य अधिकारी:
यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन का प्लेटफार्म बहुत छोटा है, जिसे बढ़ाने की मांग वर्षों से दैनिक रेल यात्री करते आ रहे हैं, लेकिन यह मांग वर्षों से लंबित है। सोमवार को जब जीएम की स्पेशल ट्रेन प्लेटफार्म नंबर-1 एक पर पहुंची, तो प्लेटफार्म छोटा पड़ गया। जिस कारण जीएम को रेलवे लाइन में ही उतरना पड़ा। इसके लिए कर्मचारियों आनन-फानन में सीढ़ी का इंतजाम किया। इसके बाद जीएम समेत अन्य अधिकारी ट्रेन से नीचे रेलवे ट्रैक पर उतरे।
जल्द पूरी होगी यमुनानगर-चंडीगढ़ रेलवे लाइन की मांग
वर्षों से लंबित पड़ी जिले की मुख्य मांग यमुनानगर-चंडीगढ़ रेलवे लाइन प्रोजेक्ट के जल्द पूरा होने की आस है वहीं, जगाधरी रेलवे वर्कशॉप को रेल कोच फैक्ट्री में तबदील करने पर भी विचार किया जा सकता है। ऐसा ही संकेत उत्तर रेलवे महाप्रबंधक ने एके पुथिया ने पत्रकारों से बातचीत में दिया। स्टेशन पर अत्याधुनिक सेवाओं की शुरुआत और निरीक्षण के बाद एके पुथिया ने कहा कि यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन का विकास शीघ्र होगा और स्टेशन मार्डन स्टेशन की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं से संपन्न होगा। इस दौरान अंबाला लोकसभा सांसद रतनलाल कटारिया ने जीएम को 19 मांगों का पत्र सौंपा। इस पर जीएम ने शीघ्र कार्य करने का आश्वासन दिया।
यमुनानगर-चंडीगढ़ रेलवे लाइन पर चल रहा काम:
यमुनानगर-चंडीगढ़ रेलवे लाइन की मांग वर्षों से जिले के लोग करते आ रहे हैं। बजट सत्र में भी इस मांग को उठाया गया था। इस बारे प्रेसवार्ता में जीएम पुथिया ने कहा कि यमुनानगर-चंडीगढ़ रेलवे लाइन के लिए 25 करोड़ रुपये का बजट पास हुआ है, लेकिन योजना को सिरे चढने में कुछ समय लग सकता है। उन्होंने कहा कि ज्यादा नहीं बस कुछ ही समय में जिले के लोगों की यमुनानगर-चंडीगढ़ रेलवे लाइन की मांग पूरी हो जाएगी। रेलवे व सरकार इस पर काम कर रही है।
रेलवे वर्कशॉप बने कोच फैक्ट्री: अंबाला लोकसभा सांसद ने 19 मांगों का पत्र में जीएम को सौंपा। सांसद कटारिया ने जीएम से मांगी की कि जगाधरी रेलवे वर्कशॉप को रेल कोच फैक्ट्री बनाया जाए। इससे रेलवे को तो लाभ होगा ही वहीं स्थानीय लोगों को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे। जिस पर जीएम ने विचार करने का आश्वासन दिया। वहीं चंडीगढ़ की तरह पंचकूला रेलवे स्टेशन का विकास, यात्री भवन का निर्माण, 700 एकड़ में कॉम्पलेक्स व शॉपिंग मॉल बनाने की मांग भी सांसद कटारिया ने की। इन मांगों के अलावा चंडीगढ़, पंचकूला व अंबाला को अंतर्राष्ट्रीय रेलवे स्टेशन बनवाने बारे, यमुनानगर, बराड़ा व अंबाला शहर के रेलवे स्टेशनों का नवीनीकरण करने, कालका से अंबाला इलेक्ट्रिसिटी रेलवे डबल लाइन बनवाने, अंबाला शहर व बराड़ा रेलवे स्टेशन पर सुपर फास्ट गाडियों के ठहराव बारे, यमुनानगर रेलवे कॉलोनी से फर्कपुर, अंबाला शहर, पंचकूला सेक्टर-19 में अंडरब्रिज व मुस्तफाबाद रेलवे स्टेशन ऑवरब्रिज बनवाने आदि मुख्य मांगें भी महाप्रबंधक एके पुथिया के सामने रखी। उन्होंने वर्षों से जर्जर हालत में रेलवे कॉलोनी में टूटी सड़कें व कर्मचारियों के खस्ता हालत मकानों की मरम्मत करवाने की मांग भी की।