शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी खुद को दलित हितैषी बताती है और अमेरिका में जाकर राहुल गांधी अंग्रेजी में भाषण देते हैं कि देश विकसित हो गया है आरक्षण को खत्म कर देंगे, वहीं दूसरी ओर हमारे नायब सैनी क्रीमी लेयर को बढ़ाकर आरक्षण देने की बात कर रहे हैं, यही बीजेपी और कांग्रेस के बीच का फर्क है। राहुल गांधी यह बात सुन लें कि जब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी है और भारतीय जनता पार्टी का एक भी बच्चा जिंदा ,है तब तक दलित ओबीसी और एससी-एसटी के आरक्षण को हाथ नहीं लगाने देंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार, जातिवाद और परिवारवाद के अलावा कुछ भी नहीं कर सकती, ना तो वे कश्मीर की सुरक्षा कर सकते हैं, और ना ही देश की सुरक्षा कर सकते हैं। पहले अगर देश पर गोलीबारी हो जाए तो सरदार मनमोहन सिंह को ढूंढने में 15 दिन बीत जाते थे, लेकिन मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद अगर कभी गोलीबारी हो जाए तो 10 दिन के भीतर सर्जिकल स्ट्राइक या एयर स्ट्राइक करके आतंकवादियों के घर में घुसकर उन्हें मारा जाता है।
किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि 2013-14 में जब कांग्रेस की सरकार थी, उस समय किसानों के लिए कांग्रेस का बजट 22,000 करोड़ रुपये था, जबकि नरेंद्र मोदी ने 2024-25 में 1,52,000 करोड़ रुपये का बजट किसानों के लिए दिया है। कांग्रेस पार्टी ने 70 साल में 7 लाख करोड़ का लोन दिया था, वहीं मोदी ने 10 साल में ही 20 लाख करोड़ का लोन दिया है, धान और गेहूं की खरीद में भी वृद्धि आई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तारीफ करते हुए अमित शाह ने कहा कि कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी और गुजरात से लेकर बंगाल तक एकमात्र हरियाणा ही ऐसा राज्य है जो 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदने का काम करता है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा से सवाल करते हुए उन्होंने पूछा कि यदि कांग्रेस का एक भी मुख्यमंत्री 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदता हो तो वे बताएं।
शाह ने कहा कि किसान-किसान करने वाली कांग्रेस पार्टी किसान विरोधी है और हर बात में भी भ्रष्टाचार ढूंढते हैं। कांग्रेस के समय में जिस जिले और जिस जाति का मुख्यमंत्री हो उसी जिले और उसी जाति के लिए काम होता था, लेकिन भाजपा की सरकार ने पिछले 10 साल में हरियाणा के हर जिले और 36 बिरादरी के लिए काम करते हुए गरीब, युवा, किसान, और महिला चारों वर्गों का विकास किया है। गृह मंत्री ने कहा कि मोदी ने गरीबों को घर, शौचालय और गैस का कनेक्शन दिया, तो सैनी ने गैस सिलिंडर की कीमत 500 कर दी, इसके अलावा आयुष्मान कार्ड के अंतर्गत 10 लाख रुपए तक का इलाज कराने की भी योजना बनाई है। हमने एक ओबीसी और पिछड़े समाज का दमदार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के रूप में हरियाणा को दिया है।
कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस के प्रत्याशी उनकी मंशा चुनाव से पहले ही उजागर कर रहे हैं। कांग्रेस के समय में हरियाणा में क्षेत्रवाद, भाई-भतीजावाद, भ्रष्टाचार, दहशत, युवाओं में अविश्वास, दलितों में दहशत और महिलाओं में भय का माहौल रहता था। पिछले 10 वर्षों में भाजपा ने दलाली और दबंगई दोनों को बंद करने का काम किया है।
हुड्डा और उनके चहेते विधायक 10 वर्षों से भूखे बैठे हैं, इसीलिए अब हरियाणा के युवाओं को लूटने की भूमिका फिर से बना रहे हैं। कांग्रेस के विधायक और उम्मीदवार पर्ची-खर्ची का ठेका उठाए हुए हैं, और खुलेआम बोली लगा रहे हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा को जिस भ्रष्टाचार के दलदल में धकेल दिया था, उसी की दुकान अब फिर लगा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने जनता को विश्वास दिलाया कि वे बिना खर्ची और पर्ची की भर्तियों को लगातार जारी रखेंगे। इस मौके पर जगाधरी विस क्षेत्र से उम्मीदवार कंवरपाल गुर्जर, यमुनानगर विस क्षेत्र से उम्मीदवार घनश्याम दास अरोड़ा, रादौर से उम्मीदवार श्याम सिंह राणा, साढौरा से उम्मीदवार बलवंत सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, जिला चुनाव प्रभारी व यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा, भाजपा नेत्री बंतो कटारिया आदि मौजूद रहे।