संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल में कार्यरत एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट डॉ. रोहित नागरा ने नौकरी छोड़ दी है। उन्होंने चार माह पहले ही अस्पताल में ज्वाइन किया था। अब केवल गर्भवतियों को ही अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिलेगी। अन्य मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए भटकना पड़ेगा।
अब पूरे जिले में स्वास्थ्य विभाग के पास एक भी रेडियोलॉजिस्ट नहीं है। रेडियोलॉजिस्ट के आने से पहले जिला नागरिक अस्पताल में सभी मरीजों को अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं मिल रही थी। अल्ट्रासाउंड केवल गर्भवतियों के होते थे। रेडियोलॉजिस्ट के आने से पहले गर्भवतियों के अल्ट्रासाउंड सोनोलॉजिस्ट डॉ. संजना दुआ कर रही थी।
गर्भवतियों के अलावा अन्य किसी का अल्ट्रासाउंड न होने से मरीजों को निजी केंद्रों में जाना पड़ता था, जहां उन्हें हजारों रुपये खर्च करने पड़ते थे। जिला नागरिक अस्पताल में रोजाना अल्ट्रासाउंड कराने के लिए 30 से 40 गर्भवतियां पहुंचती हैं। इतनी ही संख्या में पुरुष भी पहुंचने लगे थे। सब डिवीजन अस्पताल जगाधरी में अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं है, इसलिए वहां से गर्भवतियों को जिला अस्पताल में ही भेजा जाता है।
डॉ. रोहित नागरा के आने के बाद अस्पताल में रसौली, पत्थरी, कैंसर, इंफेक्शन, लीवर में सूजन, गांठ बनना, कैंसर समेत अन्य रोगों के अल्ट्रासाउंड कराने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे थे। सभी के अल्ट्रासाउंड होने से भीड़ इतनी ज्यादा होने लगी थी कि मामला वेटिंग तक पहुंच गया था।
अब एक्सरे की जांच भी हड्डी रोग के डॉक्टरों से करानी होगी
जिला नागरिक अस्पताल में काफी समय से रेडियोलॉजिस्ट का पद खाली था। मरीजों के एक्सरे रेडियोग्राफर कर रहे थे। एक्सरे की जांच हड्डी रोग विशेषज्ञ की ओर से की जाती थी। रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति होने से वह खुद इसकी जांच करके मरीज को बीमारी के बारे में सही जानकारी देने लगे। मरीज को एक्सरे लेकर किसी अन्य डॉक्टर के पास नहीं जाना पड़ता था। अब उनके नौकरी छोड़ने के बाद फिर से एक्सरे की जांच हड्डी रोग डॉक्टरों से करानी पड़ेगी।
केवल गर्भवतियों के होंगे अल्ट्रासाउंड : पीएमओ
जिला नागरिक अस्पताल की पीएमओ डॉ. नवजोत किरन टिवाना ने बताया कि डॉक्टर रोहित नागरा ने रेडियोलॉजिस्ट के पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके नौकरी छोड़ने से मरीजों की जांच पर असर तो पड़ेगा ही। रेडियोलॉजिस्ट की नई नियुक्ति होने तक केवल गर्भवतियों के ही अल्ट्रासाउंड किए जाएंगे। नए रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति के लिए मुख्यालय में लिखा जाएगा।