संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए शिक्षण संस्थानों में क्विज कराई जाएगी। इस दौरान स्कूलों में नशा मुक्त जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। यह बात डीसी राहुल हुड्डा ने लघु सचिवालय के सभागार में जिला टास्क फोर्स की बैठक में कहे।
उन्होंने कहा कि जिले में नशा मुक्ति अभियान चल रहा है। इसकी फीडबैक के लिए बच्चों से क्विज में सवाल पूछे जाएं, ताकि जानकारी मिल सके कि उनकी ओर से किए गए प्रयासों का लाभ हुआ है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में नशा मुक्ति अभियान को सफल बनाने के लिए काम करे। हमारा लक्ष्य जिले को समय रहते ड्रग्स मुक्त बनाना है इसके लिए शिक्षण संस्थानों, ग्राम पंचायतों व सार्वजनिक स्थानों पर नशे से होने वाले नुकसान के बारे मेंं जागरूक किया जाए।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा से कहा कि नशे की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाए। मेडिकल स्टोरों पर बिक रही दवाइयों की जानकारी ले, कि उनमें नशे की मात्रा कितनी है। वहीं जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. विनोद पुंडीर ने बताया कि जिले में सड़कों के किनारे व अन्य स्थानों पर कुछ प्रवासी लोग तंबू लगाकर दवाइयां बेच रहे हैं। सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि वह समय-समय पर दवाइयों की दुकानों का निरीक्षण कर रहे है। इस अवसर पर एसडीएम बिलासपुर जसपाल सिंह गिल, एसडीएम रादौर अमित कुमार, जिला न्यायवादी धर्मचंद, डीएसपी राजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।