फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: केमिकल फैक्ट्री में जांच पर सवाल, जिम्मेदार कर रहे सीसीटीवी से इंकार

विज्ञापन
विज्ञापन
यमुनानगर। खुंडेवाला गांव में रूकंद ऑयल एंड पेट्रो केमिकल फैक्ट्री में 13 जुलाई को भीषण आग लगने से दो ट्रक जलने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया था। मामले में केस दर्ज कर फैक्ट्री संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया था, परंतु अब जांच पर सवाल उठ रहे हैं। घटना के समय मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर जांच की बात पुलिस ने कही थी, लेकिन अब सीसीटीवी से ही जिम्मेदार इंकार कर रहे हैं। वहीं मामले में दमकल विभाग की कार्रवाई भी सुस्त गति से चल रही है। बिना फायर एनओसी के फैक्ट्री चलाने पर दमकल विभाग की कार्रवाई फिलहाल नोटिस से आगे नहीं बढ़ पाई है। इसके तहत फैक्ट्री संचालक को दस्तावेज जमा कराने को कहा गया था, लेकिन अभी तक एक भी कागज विभाग को जमा नहीं कराया गया।
विज्ञापन

विदित हो कि जिस दिन फैक्ट्री में आग लगी थी तो अंदर बने कमरों के बाहर तीन सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे। आग लगने के बाद सीसीटीवी की डीवीआर उतारने वाला व्यक्ति बाहर खड़ा होकर पुलिसकर्मियों से बात कर रहा था। तब खुद पुलिस ने कहा था कि डीवीआर की जांच की जाएगी ताकि पता चल सके कि आग कैसे लगी है, परंतु अब वही डीवीआर गायब हो गई है। डीवीआर की जांच करने की बात कहने वाली पुलिस कह रही है कि वह थाने में नहीं है। इतना ही नहीं फैक्ट्री में सीसीटीवी भी नहीं होने की बात पुलिस कह रही है। जबकि अग्निकांड के दिन फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी साफ-साफ दिखाई दे रहे थे।


गौरतलब है कि 13 जुलाई को खुंडेवाला गांव में स्थित केमिकल फैक्ट्री में आग लगने से काफी नुकसान हुआ था। उस समय फैक्ट्री के बाहर इसके नाम का कोई बोर्ड भी नहीं लगा था। जांच के दौरान अंदर फैक्ट्री के अंदर गणेश लुब्रिकेंट ऑयल का बोर्ड पड़ा मिला था, परंतु पुलिस ने एफआईआर में रूकंद ऑयल एंड पेट्रो केमिकल नाम से केस दर्ज किया था। उस समय दमकल विभाग ने जांच की तो पाया कि फैक्ट्री बिना फायर एनओसी के चल रही थी। वहीं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने भी कार्रवाई किए जाने की बात कही थी। उस समय तो ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाए थे कि फैक्ट्री संचालकों ने खुद ही इसमें आग लगाई थी।
विज्ञापन

पुलिस के पास डीवीआर नहीं है : जगदीप सिंह
थाना छप्पर के जांच अधिकारी जगदीप सिंह का कहना है कि इस मामले में केस दर्ज करने के बाद फैक्ट्री संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया था। बाद में उसे जमानत मिल गई थी। जल्द ही पुलिस चालान कोर्ट में पेश करेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस के पास कोई डीवीआर नहीं है और न ही फैक्ट्री में सीसीटीवी लगे थे।
दूसरा नोटिस जारी किया है : पंकज पराशर
दमकल केंद्र जगाधरी के फायर ऑफिसर पंकज पराशर का कहना है कि खुंडेवाला फैक्ट्री संचालक को दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए नोटिस दिया गया था, परंतु उसने फैक्ट्री चलाने के कोई दस्तावेज जमा नहीं कराए हैं। इसलिए अब उसे दूसरा नोटिस जारी किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें