यमुनानगर। गांधी नगर थाना के पास युवती के हाथ से बाइक सवार तीन युवकों ने पर्स छीन लिया। पर्स में युवती का लॉकेट, चेन, मोबाइल व चार्जर था। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विकास नगर निवासी सुनैना ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह छोटी लाइन पर डिजाइनर लहंगे की सिलाई का काम करती है। रोज की तरह शुक्रवार की रात करीब सवा आठ बजे अपने काम से छुट्टी कर बस स्टैंड पहुंची। बस स्टैंड से वह पैदल पैदल अपने घर की तरफ जा रही थी। जब वह गांधी नगर थाना के नजदीक मसीह अस्पताल के पास सड़क पार करने के लिए खड़ी थी तो उसी समय काले रंग की बाइक पर तीन युवक आए।
इससे पहले वह कुछ समझ पाती आरोपियों ने उसके हाथ से उसका पर्स छीन लिया। पर्स में उसके नाम का लॉकेट, चांदी की चेन, मोबाइल फोन व चार्जर और अन्य सामान था। उसने शोर मचाया तो आरोपी वहां से फरार हो गए। उसने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात तीन युवकों पर केस दर्ज कर लिया है।