रादौर। अनाज मंडी रादौर में सोमवार को धान की सरकारी खरीद का कार्य शुरू किया गया। धान की खरीद के पहले दिन खरीद एजेंसी वेयर हाउस की ओर से लगभग 1200 क्विंटल धान की खरीद की गई। एजेंसी के मैनेजर संदीप कुमार की देखरेख में धान की खरीद का कार्य शुरू हुआ। मंडी के प्रधान संजय गुप्ता व अन्य आढ़ती मौके पर मौजूद रहे। मैनेजर संदीप कुमार ने बताया कि सरकार के मापदंड के अनुसार धान की खरीद का कार्य किया जा रहा है। मंडी में 17 प्रतिशत तक नमी वाली धान को खरीदा जा रहा है। वहीं खरीदी गई धान की फसल का भुगतान 72 घंटे तक कर दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि मंडी में वेयर हाउस की ओर से सोमवार, मंगलवार व शनिवार को धान की सरकारी खरीद की जायेगी। जबकि हैफेड की ओर से बुधवार, वीरवार व शुक्रवार को धान की खरीद की जायेगी। जरूरत पड़ने पर रविवार को भी धान की खरीद की जायेगी। धान के उठान के लिए ठेकेदार को टेंडर दिया गया है।