एडीजे आरपी सिंह की कोर्ट द्वारा पति की हत्या के मामले में कोर्ट ने उसकी पत्नी गांव नाईवाला निवासी नसरीना और उसके प्रेमी वाहीद उर्फ काला को दोषी करार दिया है। दोनों को कोर्ट आज सजा सुनाएगी। गांव नाईवाला निवासी गफुर ने बिलासपुर पुलिस के शिकायत दी थी कि 30 सितंबर 2019 को उसके भाई आलमगीर का अपनी पत्नी नसरीना के साथ शराब पीने को लेकर झगड़ा हो गया था। उस दिन उसका भाई घर से चला गया था। उसकी काफी तलाश की मगर कुछ पता नहीं चला। बाद में परेशान होने पर पुलिस को शिकायत दी। उसके बाद पुलिस ने लापता का केस दर्ज किया था। पुलिस ने जब जांच की तो पता चला कि आलमगीर की पत्नी नसरीना के गांव के वाहीद उर्फ काला के साथ अवैध संबंध थे। आलमगीर ने अपनी पत्नी को वाहीद के साथ फोन पर बात करते हुए पकड़ लिया था। तब भाई की अपनी पत्नी से लड़ाई भी हुई थी। इसके बाद भी वाहीद से नसरीना मिलती रहती थी। इसी बीच वाहीद एक महिला से रेप केस में जेल में चला गया था। वहां से आने के बाद फिर से नसरीना के साथ वह मिलने लगा था। 30 सितंबर की रात को भाई घर पर सोया हुआ था। वहां पर वाहीद आया और नसरीना के साथ मिलकर दोनों ने आलमगीर की हत्या कर दी थी। तब पुलिस ने नसरीना से पूछताछ की तो उसने बताया कि अपनी पति आलमगीर की हत्या कर शव को शौचालय के गड्ढे में दबा दिया है। पुलिस ने शव को गड्ढे से निकाला था। वहीं नसरीना के साथ-साथ उसके प्रेमी वाहीद को भी गिरफ्तार कर लिया था।