संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। कस्बे के बाजार में बना एकमात्र सार्वजनिक शौचालय बदहाली का शिकार है। रखरखाव और सफाई के अभाव में यह शौचालय इस्तेमाल करने लायक नहीं बचा है। यहां न तो पानी की नियमित व्यवस्था है और न ही सफाई की जाती है। शौचालय के दरवाजे टूटे पड़े हैं और उन पर ताले लटके हैं।
दुकानदार शिवदेव वर्मा, रवि कालड़ा और बबलू वर्मा ने बताया कि नगरपालिका कार्यालय के सामने बनी मार्केट में करीब दो साल पहले नगर पालिका की ओर से सार्वजनिक शौचालय का निर्माण करवाया गया था। शुरुआत में लोगों को इससे काफी सुविधा मिलने की उम्मीद थी, लेकिन देखरेख और केयरटेकर की व्यवस्था न होने से इसकी हालत लगातार खराब होती चली गई।
शौचालय में लगे नलों की टोटियां गायब हैं। फ्लश के सिस्टरन टूट चुके हैं या चोरी हो गए हैं। वॉश बेसिन भी क्षतिग्रस्त अवस्था में हैं। पानी की नियमित आपूर्ति नहीं होने से गंदगी और बदबू फैली रहती है। असामाजिक तत्वों की ओर से नल, बिजली के बल्ब और अन्य सामान भी चोरी किया जा चुका है।
अमित सेतिया, अधिवक्ता महावीर सिंह सेठी और मनीष अनेजा ने कहा कि सार्वजनिक शौचालय की ऐसी हालत स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को होती है। आसपास गंदगी और बदबू के कारण लोगों का वहां से गुजरना भी मुश्किल हो जाता है।
उन्होंने प्रशासन से शौचालय की मरम्मत करवाने, पानी और नियमित सफाई की व्यवस्था करने की मांग की है। नगरपालिका के एसआई फूल कुमार ने बताया कि शौचालय की हालत सुधारने के लिए निविदा प्रक्रिया जारी है। स्वीकृति मिलते ही मरम्मत और अन्य जरूरी सुधार कार्य करवाए जाएंगे।