यमुनानगर। किसानों को रियायती दर पर मिलने वाली यूरिया की कालाबाजारी कर उसे फैक्टरी में अवैध रूप से सप्लाई करने के आरोप में थाना सदर यमुनानगर पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी की पहचान गांव अकालगढ़ निवासी असलम के रूप में हुई है।
आरोप है कि असलम किसानों को मिलने वाला यूरिया खाद फैक्टरी में सप्लाई कर रहा है। इससे सरकार को लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है। पुलिस को दी शिकायत में गांव अकालगढ़ निवासी सतार ने बताया कि उनके गांव का असलम गांव कामी माजरा रायपुर में परिमाज इंटरप्राइजेज के नाम से फर्म चलाता है। आरोप है कि इस फर्म के माध्यम से किसानों को मिलने वाले यूरिया खाद की कालाबाजारी की जा रही है।
विज्ञापन
किसानों के लिए उपलब्ध करवाए जाने वाला खाद निर्धारित व्यवस्था के तहत वितरित करने के बजाय फैक्टरी में अवैध रूप से सप्लाई किया जा रहा है। सत्तार ने आरोप लगाया कि असलम ने नौ अप्रैल 2024 से 13 अप्रैल 2026 यूरिया खाद के कट्टों की हेराफेरी है। वह प्रतिदिन 1000 से 1200 कट्टे फैक्टरियों में सप्लाई करता था। इससे सरकार को 7.5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
शिकायतकर्ता के अनुसार इस तरह खाद की कालाबाजारी होने से एक ओर जहां सरकारी खजाने को लाखों रुपये की चपत लगी है। वहीं, दूसरी ओर जरूरत के समय किसानों को यूरिया खाद नहीं मिल पा रहा है। इससे किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। थाना प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि ग्रामीण सतार की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच में जो तथ्यों सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।