संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से शुक्रवार को जगाधरी स्थित गुप्ता पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सीएनजी व इलेक्ट्रिक वाहनों से पहुंचकर अनूठी पहल की।
पार्टी की ओर से जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए सीएनजी और इलेक्ट्रिक बसों की विशेष व्यवस्था की गई, ताकि अधिक से अधिक लोग एक साथ कार्यक्रम में पहुंच सकें।
भाजपा की ओर से साढौरा, प्रतापनगर, रादौर और यमुनानगर से कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम स्थल तक लाने के लिए सीएनजी बसें और इलेक्ट्रिक बसें चलाई गईं। रादौर में कृषि मंत्री के पुत्र नेपाल राणा कार्यकर्ताओं के साथ सीएनजी बस में सवार होकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे। वहीं साढौरा के पूर्व विधायक बलवंत सिंह ने भी सीएनजी बस से सफर किया। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा, पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर और यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ई-रिक्शा से कार्यक्रम में पहुंचे, जबकि महापौर सुमन बहमनी और पूर्व महापौर मदन चौहान इलेक्ट्रिक कार से पहुंचे। भाजपा नेताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि व्यक्तिगत व्यवहार और सामाजिक भागीदारी से भी संभव है। इसी सोच के साथ पार्टी ने इस कार्यक्रम में हरित परिवहन को बढ़ावा देने का प्रयास किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हरियाणा के जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने का सीधा प्रसारण बड़ी एलईडी स्क्रीन पर दिखाया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने प्रधानमंत्री का संबोधन भी सुना। विधायक अरोड़ा और पूर्व मंत्री गुर्जर ने पांच लाभार्थियों को हैप्पी कार्ड तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के दो लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाबियां भी सौंपीं।
विधायक अरोड़ा ने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन भारत की तकनीकी क्षमता और हरित ऊर्जा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। वहीं कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि केंद्र सरकार रेलवे आधुनिकीकरण, हरित ऊर्जा और बुनियादी ढांचे के विकास को नई गति दे रही है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के ओएसडी भोपाल सिंह खदरी, साढौरा से विधायक रेनू बाला, उपायुक्त प्रीति, जिला परिषद चेयरमैन रमेश चंद ठसका, नगर निगम आयुक्त महावीर प्रसाद, सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन ईश्वर सिंह पलाका मौजूद रहे।