संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सार्वजनिक शौचालयों की सुविधा व रखरखाव न होने के विरोध में झुग्गियों में रहने वाली महिलाओं व अन्य लोगों ने नगर निगम यमुनानगर कार्यालय पर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों के समर्थन में पहुंचे आगाज संस्था से राहुल भान ने बताया कि शहर के औद्योगिक क्षेत्र में झुग्गियों में रहने वाले लोगों के लिए नगर निगम ने 18 सार्वजनिक शौचालय उपलब्ध कराए, पर वह सभी बंद हैं। उनमें गंदगी भरी पड़ी है और पानी की भी व्यवस्था नहीं है। इस मुद्दे को लेकर निगम अधिकारियों से लेकर डीसी को शिकायत कर चुके हैं, पर समाधान नहीं हुआ।
मजबूरन लोगों ने अपने पैसों से एक-एक हजार लीटर पानी के टैंक रखवाएं हुए हैंं, पर निगम अधिकारियों ने उन्हीं टैंकों में कच्चे कनेक्शन कर दो शौचालयों को खोलकर खानापूर्ति कर दी। उन्होंने निगम अधिकारियों को चेतावनी दी कि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो लोग सड़कों पर उतरने पर मजबूर होंगे।