रादौर। मोहड़ी गांव में पंचायती भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर विवाद गहरा गया है। पंचायत की ओर से कुछ लोगों के खिलाफ एसडीएम कोर्ट में मामला ले जाने पर ग्रामीण भड़क उठे। ग्रामीणों ने पंचायत पर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की।
गांव निवासी इकराम खान, इमरान खान, यशपाल कांबोज, रामकुमार, ईनाम और यामीन सहित अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में कई जगह पंचायती भूमि पर अवैध कब्जे हैं। इसके बावजूद पंचायत ने केवल कुछ लोगों के खिलाफ एसडीएम कोर्ट में मामला दर्ज करवाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत अपने चहेते लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है।
निशानदेही के दौरान सामने आया मामला : सरपंच
गांव के सरपंच सतीश शर्मा ने भेदभाव के आरोपों का खंडन किया। उन्होंने बताया कि पंचायत ने गांव में गली बनवाने के लिए निशानदेही करवाई थी। इस दौरान पांच-छह लोगों द्वारा गली में पंचायती भूमि पर कब्जा किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद कब्जे हटवाने के लिए नियमानुसार कोर्ट में मामला ले जाया गया। सरपंच ने कहा कि गांव में अन्य लोगों के कब्जे भी सामने आते हैं तो उनके खिलाफ भी इसी तरह कार्रवाई की जाएगी।