संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। प्यारा चौक के नजदीक स्थित जय मां वैष्णो मेडिकल स्टोर के संचालक पुलकित की गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को जिला यमुनानगर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने लघु सचिवालय में नारेबाजी की। मामले में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर एसोसिएशन के बैनर तले केमिस्टों ने डीसी से मुलाकात की। डीसी ने उनको मामले में निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया।
एसोसिएशन के प्रधान मंजीत शर्मा, राजकुमार बंसल, नरेश ढींगरा, चरणजीत मक्कड़, संजय चड्ढा, अंकुर जैन, सोनू जैन आदि ने बताया कि सिटी यमुनानगर पुलिस ने जय मां वैष्णो मेडिकल स्टोर संचालक को जांच में शामिल किए बगैर गिरफ्तार किया है। मौके पर ड्रग कंट्रोलर को नहीं बुलाया गया। दुकान की चाबी पुलिस साथ ले गई।
पुलिस की इस तरह की कार्रवाई उनको समझ नहीं आई। पूर्व में पकड़े गए एक चिकित्सक के बयान पर गिरफ्तार कर लिया। उनकी मांग है इस मामले में निष्पक्ष जांच की जाए, ताकि परिवार को इंसाफ मिल सके। प्रधान मनजीत शर्मा का कहना है डीसी ने दो दिन का समय दिया है। समस्या का हल नहीं हुआ तो केमिस्ट जिलेभर में हड़ताल पर जाने को मजबूर हो जाएंगे जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
ज्ञात हो कि स्वास्थ्य विभाग की पीएनडीटी टीम ने गत सप्ताह भाटिया नगर में क्लीनिक संचालक डॉ. रविंद्र मलिक को लोगों को लड़का होने की दवाई देते हुए पकड़ा था। तब उसके क्लीनिक से कुछ प्रतिबंधित नशीली दवाइयां भी मिली थी। पुलिस ने एक दिन पहले आरके पुरम कॉलोनी जोड़ियों निवासी पुलकित को गिरफ्तार किया था। पुलकित का प्यारा चौक पर जय मां वैष्णो के नाम से मेडिकल स्टोर है। डॉ. रविंद्र मलिक ने पूछताछ में बताया था कि उसके क्लीनिक पर पुलकित ही प्रतिबंधित नशीली दवाइयां सप्लाई करता था।